रात्रि चौपाल फिर शुरू
झज्जर. डीसी सोनल गोयल भागलपुरी गांव में लगे जागरुकता स्टॉल पर जानकारी लेती हुईं।
भागलपुरी में 4 दर्जन शिकायतों का पंजीकरण, ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल पर आॅनलाइन सुविधाओं का उठाया लाभ
डीसी आज सुबह गांव का दौरा कर समस्याओं का लेंगी जायजा
भास्कर न्यूज | झज्जर
गांवाें की समस्याओं काे नजदीक से समझने और उनका समाधान करवाने के लिए एक बार फिर अधिकारियों के रात्रि ठहराव का अभियान बुधवार से शुरू हुआ। प्रशासनिक शिविर एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम के तहत बेरी के भागलपुरी गांव में उपायुक्त सोनल गोयल दोपहर बाद पहुंचीं। इस शिविर में 4 दर्जन शिकायतों का पंजीकरण हुअा। इस अवसर पर उपायुक्त सोनल गोयल ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को और अधिक सशक्त करने का आह्वन किया।
गांव की महिला सरपंच मीनाक्षी देवी ने डीसी से कहा कि मैडम हमारे गांव में समस्याओं के अंबार लगे हैं। आप खुद गांव आए हैं तो गांव का उद्धार करो। पंचायत की ओर से डीसी को प्रमुख मांगों का मांगपत्र भी सौंपा गया। इस दौरान गांव भगलपुरी के ग्रामीणों ने आॅनलाइन बिजली बिल भरे। वहीं एक दर्जन लोगों को नए बिजली कनेक्शन प्रदान किए। उपभोक्तओं ने मीटर बदलवाने के लिए आवेदन किया। इस अवसर पर बेरी के एसडीएम एवं नगराधीश अश्वनी कुमार, एसडीएम बादली त्रिलोक चंद, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नीरज कुमार, सीएमजीजीए निषिता बैनर्जी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डीसी ने रात्रि ठहराव में गिनवाईं योजनाएं, ग्रामीणों ने
मांगा प्राथमिक स्कूल व पानी निकासी का समाधान
आधार कार्ड बनवाए, पेंशन के लिए आवेदन
भागलपुरी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को उपायुक्त सोनल गोयल ने इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टाॅलों का अवलोकन किया और जरूरतमंदों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान भी किया। बिजली निगम ने म्हारा गांव जगमग गांव की जानकारी दी। जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने प्राथमिक चिकित्सा के बारे में जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग ने कैंप में मरीजों का स्वास्थ्य जांचा। अटल सेवा केंद्र पर 2 दर्जन जरूरतमंदों ने आधार कार्ड बनवाए। जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा मौके पर कई ग्रामीणों की आॅनलाइन पेंशन के लिए आवेदन करवाया गया। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों ने स्टाॅल पर आए किसानों को फसलों के अवशेष न जलाने का आह्वान किया। कृषि अधिकारियों ने इस दौरान आत्मा स्कीम के बारे जागरूक किया। डीआरडीए की ओर से हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराया।
भागलुपरी के ग्रामीणों ने डीसी के सामने यह मांगें रखीं
- गांव में गंदे पानी की निकासी की सुविधा दी जाए। गलियों में कीचड़ का जमावड़ा।
- गांव में श्मशान घाट का निर्माण किया जाए। जमीन उपलब्ध है।
- गांव में ग्राम सचिवालय खोला जाए ताकि दूसरे गांवों में न जाना पड़े।
- गांव में आंगनबाड़ी और प्राथमिक पाठशाला का निर्माण किया जाए।
- गांव में जोहड़ की सफाई करवाई जाए। यहां झूठी पतलों का जमावड़ा लगा है।
- गांव में पटवारखाने की खाली जमीन का उचित प्रयोग करने की अपील की।