बेरी. गोशाला में पंचायत करते ग्रामीण।
भास्कर न्यूज | बेरी
मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार बेरी में खेल स्टेडियम के पीछे वाली 67 कैनाल भूमि पर महिला कॉलेज का निर्माण करवाने के लिए रविवार को गोशाला में सूबेदार धीर सिंह की अध्यक्षता में पंचायत बुलाई गई। इसमें क्षेत्रवासियों ने प्रस्तावित महिला काॅलेज के निर्माण के लिए प्रस्ताव पास किए गए। 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
अब काॅलेज समिति जल्द मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से महिला काॅलेज बनवाने के लिए मिलेगी। इसी गोशाला में 2 माह में कॉलेज बनवाने के लिए चौथी बार पंचायत बुलाई गई। ऐसे में बेरी के लोगों ने बेटियों के लिए कॉलेज बनवाने के लिए कमर कस ली है। इस मामले में बेरी के लोगों ने 26 मार्च को पंचायत बुलाई थी और नगर पालिका अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। धर्मशाला का निर्माण बंद करवा दिया था। 28 मार्च को कस्बे के लोगे की पंचायत बुलाई और बेरी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। एसडीएम ने एक माह के लिए धर्मशाला का काम बंद करवा दिया था। नगरपालिका बेरी ने लिखित में शिक्षा विभाग से 3 करोड़ 99 लाख 1 सौ 26 रुपए जमीन के मांगे थे जिसके बाद महिला काॅलेज का मामला खटाई में पड़ता चल गया। लोगों का कहना था बेरी में जरूरत धर्मशाला से पहले महिला कॉलेज की है। तादाद में एकत्रित हुए इन लोगों ने बेरी के एसडीएम के माध्यम से सीएम के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा है। दौरे के दौरान जब सीएम मनोहरलाल खट्टर बेरी आए तो उन्होंने यहां पर खेल स्टेडियम के पीछे वाली करीब 67 कैनाल भूमि पर महिला कॉलेज बनवाएं जाने की घोषणा की थी। अब लोगों का आरोप है कि जहां पर सीएम घोषणा के तहत महिला कॉलेज बनाया जाना था उसी जमीन पर धर्मशाला का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था जोकि न्यायसंगत नहीं है। पंचायत में डाॅक्टर जगदीश कादयान, उमराव सिंह, शेरसिंह कादयान, भूप सिंह,जीत सिंह, राजपाल सिंह सुहाग, विजयंत सिंह, मुकेश, जितेन्द्र सिंह, नफेसिंह, जागेराम ने संबोधित किया।