बेरी में बुधवार रात लुटेरों ने 3 अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटना को अंजाम दिया। लूट की वारदात गाड़ी में सवार आधा दर्जन युवकों ने अंजाम दी। ट्रक चालक को लुटेरों ने पिस्तौल का बट मारकर घायल कर दिया। वहीं, लकड़ियां गांव में एक हाईवा चोरी कर लिया गया।
1. ट्रक चालक से 25 हजार रुपए और मोबाइल लूटा
पहली घटना बेरी डीघल रोड पर गोच्छी नहर के नजदीक घटित हुई। यहां हथियारों के बल पर बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए लुटेरों ने ट्रक चालक से रुपए और दो मोबाइल लूट लिए। भैंसरू खुर्द के ट्रक चालक अजीत पुत्र जगदेव ने बेरी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। ट्रक चालक अजीत बुधवार रात अपने ट्रक में दादरी से रेत लेकर रोहतक जा रहा था। जब वह गांव गोच्छी के पास पहुंचा तो उसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आधा दर्जन युवक आए और उन्होंने हथियारों के बल पर उससे 25 हजार रुपए व उसका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। लुटेरों ने ट्रक चालक के सिर में पिस्तौल का बट मारा, जिसके कारण अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
2. हथियारों के बल पर 9 हजार रुपए लूटे
बुधवार रात को ही दूसरी घटना बेरी से होकर गुजर रही माइनर के समीप घटित हुई। यहां यूपी के नामनगर निवासी चालक ब्रह्मानंद पुत्र रूपराम अपने ट्रक में बीज भरकर हिसार से यूपी के लिए चला था। जब वह बेरी की नहर के पास पहुंचा तो उसी दौरान ही एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आधा दर्जन लुटेरे आए और उन्होंने अपनी गाड़ी ब्रह्मानंद के ट्रक के सामने लगाकर उससे हथियारों के बल पर 9 हजार रुपए लूट लिए।
4. झाड़ली में ट्राला चालक से कार सवारों ने 8 हजार छीने
साल्हावास | झाड़ली रेलवे फाटक के पास एक ट्राला संचालक को इको कार सवार कुछ लोगों ने पीटकर उसके 8 हजार रुपए छीन लिए। जेके सुपर सीमेंट कम्पनी से झज्जर की तरफ 18 टायर वाला ट्राला गाजियाबाद निवासी शौकीन पुत्र ओमप्रकाश ला रहा था। वो बुधवार रात 3 बजे झाड़ली रेलवे फाटक के आगे पहुंचा था कि इसी दौरान इको कार चालक ने ट्राले के आगे कार रोक दी। ट्राला चालक पर बदमाशों ने हमला कर 8 हजार रुपए छीन लिए।
3. लकड़ियां गांव के पास हाईवा चोरी
तीसरी घटना यहां गांव डीघल-रोहतक मार्ग पर घटित हुई। यहां गांव लकड़ियां के पास इसी गांव के चालक रवि पुत्र कपूर सिंह ने अपना हाईवा बुधवार देर शाम खड़ा किया था, लेकिन गुरुवार को अलसुबह जब उसने देखा तो उसका हाईवा गायब मिला। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। हालांकि अभी तक चोरी करने वालाें का कोई सुराग नहीं लग पाया है।