अटल सेवा के संचालकों ने मांगी ई-पंचायत योजना की जिम्मेदारी
रोहतक एवं झज्जर जिले के अटल सेवा केंद्र संचालकों ने पंचायत विकास मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में ई-पंचायत योजना के तहत किए जाने वाले कार्यों के लिए अटल सेवा केंद्र संचालकों को ही नियुक्त करने का निवेदन था। हाल ही में हरियाणा सरकार ने ई-पंचायत योजना के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों के लिए पंचायत स्तर पर अलग से कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्त किए जाने का निर्णय लिया है तथा ये कंप्यूटर ऑपरेटर संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों के माध्यम से ही नियुक्त किए जाने हैं। ज्ञापन में इस बात की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया है कि वर्तमान में ग्राम पंचायतों के कंप्यूटर संबंधी सभी कार्य अटल सेवा केंद्र के लोग ही कर रहे हैं, अत: नए व्यक्तियों की नियुक्ति करने की बजाए अटल सेवा केन्द्रों को ही कुछ अतिरिक्त भुगतान कर यह कार्य करवाया जा सकता है। इससे सरकार पर कम वित्तीय बोझ पड़ेगा और लोगों को पहले से ही कंप्यूटर कार्य में दक्ष अटल सेवा केंद्र के लोगों की सेवाएं मिल पाएंगी। मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने ज्ञापन देने वाले संचालकों को उनकी मांगों पर सरकार द्वारा सहानुभूतिपूर्ण ढंग से विचार किए जाने और हर संभव कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इन्हीं मांगों को लेकर 22 अप्रैल 2018 को जींद जिले में हरियाणा के समस्त अटल सेवा केंद्र संचालक एकत्र होंगे और सरकार के समक्ष अपनी मांगे रखेंगे।
कृषि मंत्री को मांगों का सौंपा ज्ञापन
बेरी. कृषि मंत्री ओपी धनखड़ को ज्ञापन देते हुए।