शिक्षकों की जानकारी देने नोटिस जारी
जिले के ज्यादातर प्राइवेट स्कूलों में अप्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे है। यहां संस्था प्रमुख शासन के मापदंडों को ताक पर रखकर मनमानी करने पर उतारू है।
आलम यह है कि शिक्षकों की सूची व उनके शैक्षणिक योग्यता की जानकारी डीईओ कार्यालय को नहींं दी जा रही है। वहीं डीईओ कार्यालय भी जानकारी मंगाने को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा। इस संबंध में भास्कर में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने पश्चात जिला प्रशासन हरकत में आया और डीईओ कार्यालय से जिले के सभी प्राइवेट स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर शिक्षकों के संबंध में समस्त जानकारी शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पूर्व जिला कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए है। वही सत्र प्रारंभ होने के पूर्व सभी संस्था प्रमुखों की बैठक बुलाई जाएगी। डीईओ एके भार्गव ने कहा निर्धारित समय सीमा में जानकारी उपलब्ध नही कराने वाले स्कूलों पर प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीईओ कार्यालय के शाखा प्रभारी ने प्राइवेट स्कूलों में कार्यरत शिक्षक व उनमें प्रशिक्षित शिक्षकों का रिकॉर्ड कार्यालय में होने से इंकार कर दिया। ऐसे में जिले की शिक्षा गुणवत्ता का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। संबंधित कर्मी ने रिकार्ड संधारण नहीं होने का हवाला देकर बताने से इंकार कर दिया। अभी भी जिले के प्राइवेट स्कूलों में 90 प्रतिशत शिक्षक अप्रशिक्षित है। ऐसे में भारी भरकम फीस देने के बावजूद बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में गुणवत्तायुक्त शिक्षा नहीं मिल रही है। शासकीय स्कूलों के अप्रशिक्षित शिक्षकों का प्रशिक्षण जारी है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अप्रशिक्षित शिक्षक को वर्ष 2019 तक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अंतिम मौका है। इसके बाद सभी अप्रशिक्षित शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी। यहां अप्रशिक्षित शिक्षक वेतनवृद्धि, पुनरीक्षित वेतनमान से वंचित है।
जिले के सरकारी स्कूलों में 370 शिक्षक अप्रशिक्षित
व्याख्याता शिक्षक पंचायत सहायक शिक्षक
प्रशि. - अप्रशिक्षित प्रशि. - अप्रशिक्षित प्रशि. - अप्रशिक्षित
बेमेतरा 328 - 07 301 - 05 557 - 25
बेरला 278 - 16 300 - 15 451 - 87
साजा 279 - 17 341 - 12 541 - 35
नवागढ़ 222 - 18 306 - 13 623 - 48
महायोग 1107 - 58 1248 - 45 2172 - 267
(स्रोत - जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेमेतरा)