भैंसरोड़गढ़। अपना जल-अपना अधिकार समिति भैंसरोडगढ़ का धरना चौथे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। अभिभाषक संघ के सदस्य लालचंद जायसवाल ने धरना स्थल पर लोगों को संबोधित किया। अध्यक्ष खुमानसिंह ने बताया कि कार्यकारिणी का विस्तार किया गया।
जिसमें 10 संरक्षक, 10 अध्यक्ष, 3 कोषाध्यक्ष, 10 महामंत्री, 10 महासचिव, 5 कानूनी सलाहकार, 100 सदस्य शामिल है। सदस्यों ने निर्णय किया कि 7 दिन में पेयजल व्यवस्था सही नहीं हुई तो प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर गिरिराजसिंह, शिवकुमार, हेमेंद्र पुरोहित सहित अन्य लोग मौजूद थे। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि भैंसरोडगढ़ में पानी की किल्लत नहीं है।
मामा भील बस्ती में पानी की किल्लत थी। वहां टैंकर स्वीकृत कर दिया है। टैंकर शुरू हो गया है। इसके अलावा 38 गांवों की पेयजल योजना का टेंडर भी लगा दिया गया है। योजना मंजूर होने के बाद इन 38 गांवों और 27 ढाणियों में भी नई पेयजल योजना से पानी मिलेगा। आंदोलन का अब कोई मतलब नहीं है।