पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • घोसीवाड़ा से निकलना हो रहा मुश्किल, यूको बैंक के आगे रोजाना जाम के हालात, यातायात पुलिस नहीं दे रही ध्यान

घोसीवाड़ा से निकलना हो रहा मुश्किल, यूको बैंक के आगे रोजाना जाम के हालात, यातायात पुलिस नहीं दे रही ध्यान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी

शहर के मुख्य व्यवसायिक क्षेत्र घोसीवाड़ा के लोग इन दिनों दिन में कई बार लगने वाले ट्रैफिक जाम की स्थिति से खासे परेशान होने लगे हैं। शहर के गांधी चौक से मॉयल टाकिज होकर घोसीवाड़ा और घोसीवाड़ा से सोनी चौक की तरफ जाने वाले सभी मार्गों पर रोजाना जाम लगना आम बात हो गई है।

सोमवार को यहां करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम के हालात बने रहे। इधर, अक्षय तृतीया के अबूझ सावे के चलते इन दिनों बाजारों में भी खरीदारी को लेकर खासी रौनक दिखाई दे रही है। ग्रामीण क्षेत्र से लोग ट्रैक्टर ट्रोलियों व अन्य वाहनों के साथ ही खरीदारी करने मेड़ता सिटी आ रहे हैं। इस कारण बाजार को जाने वाले सभी मुख्य रास्तों पर जाम लगा रहता है। ऐसे में सोनी चौक से गांधी चौक आने वालों को तथा घोसीवाड़ा से सोनी चौक या मीरा मंदिर जाने वालों को जाम के कारण खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मेड़ता के घोसीवाड़ा से सोनी चौक जाने वाले आम रास्ते पर यूको बैंक के पास सड़क पर ही वाहन खड़े करने से लगा जाम।

यातायात पुलिस भी बेखबर: शहर में बार-बार मुख्य मार्गों पर लग रहे जाम को लेकर यातायात पुलिस भी बेखबर है। यातायातकर्मी शहर में दिनभर अलग-अलग स्थानों पर वाहन चालकों के रोजाना चालान काटते देखे जा सकते हैं, मगर कोई भी यातायातकर्मी शहर में घोसीवाड़ा सहित अन्य इलाकों में लगने वाले जाम के कारणों से बेखबर हैं। ऐसे में जहां जहां जाम लग रहा है वहां के व्यापारियों के धंधे पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसी इलाके में अनेक बड़े व्यापारियों के गोदाम भी हैं। ये इलाका भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित है, मगर इसके बावजूद यहां दिनभर भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है।

पार्किंग स्थल होना जरूरी, नियमों की अनदेखी

घोसीवाड़ा से सोनी चौक जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक किराए के भवन में यूको बैंक संचालित की जा रही है। जिस कारण सड़क पर वाहन पार्किंग करने से जाम लग जाता है। दरअसल जब पिछले साल यूको बैंक घोसीवाड़ा में नए किराए के भवन में शिफ्ट हुआ तो बैंक अधिकारियों ने बिना पार्किंग स्थल देखे ही बैंक शिफ्ट कर दिया। जबकि नियमानुसार बैंक यदि निजी या किराए के भवन में संचालित होता है तो वहां पर्याप्त स्थान पर पार्किंग स्थल होना जरूरी है। लेकिन पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण बैंक आने वाले उपभोक्ता वाहनों को सड़क पर ही पार्किंग करते हैं।

पालिका भी बिना पार्किंग स्थल के दे रही है इजाजत

शहर में बढ़ते यातायात के लिए नगरपालिका भी जिम्मेदार है। विगत दो साल में नगरपालिका ने दर्जनों व्यवसायिक भवनों में पार्किंग स्थल की जगह नहीं होने के बावजूद उन्हें स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसका एक उदाहरण घोसीवाड़ा इलाके में किराए के भवन में चल रहा बैंक भवन भी है। इस भवन के लिए पार्किंग स्थल नहीं होने के बाद भी पालिका द्वारा निर्माण की स्वीकृति दे दी गई।

बीच सड़क पर वाहन खड़े करने वालों पर करेंगे कार्रवाई

यूको बैंक सहित शहर के मुख्य बाजारों, बस स्टैंड व मुख्य मार्गों के साथ ही नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति बनती है। ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। रामकुंवार गिला, एएसआई, यातायात पुलिस

भवन का नक्शा अप्रूव्ड है

बैंक की ओर से किराए पर लिए भवन का नक्शा व्यावसायिक रूप में अप्रूव्ड है। बैंक प्रबंधन नियम व शर्तों के अनुरूप भवन किराए पर लेता है। नितिन माहेश्वरी, शाखा प्रबंधक

खबरें और भी हैं...