भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी
करीब 60 हजार की आबादी वाले मेड़ता शहर में अब किसी भी क्षेत्र में बिजली फाल्ट संबंधी समस्या का निस्तारण तत्काल किया जाएगा। अजमेर डिस्कॉम ने निगम क्षेत्र में एफआरटी (फाल्ट रिक्टिफिकेशन टीम) लगाने की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। आगामी दिनों में शहर में हर समय दो वाहनों में एफआरटी टीम के छह सदस्य तैनात होंगे। ये वाहन बिजली संबंधी शिकायत मिलते ही संबंधित क्षेत्र में पहुंचकर उसे ठीक करेंगे। एईएन सिटी भवानीसिंह ने बताया कि शहर में बिजली आपूर्ति सुचारू रखने व उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर व शहरों में बिजली से जुड़ी शिकायतों के तत्काल निस्तारण को लेकर यह पहल की गई है। इसको लेकर संध्या इलेक्ट्रिकल फर्म को निगम स्तर पर टेंडर दिया गया है। शहर की एलटी लाइन फॉल्ट से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत पर एफआरटी टीम उसे तत्काल दुरूस्त करेगी। उन्होंने बताया कि टीम को शिकायत मिलने के दो घंटे के भीतर समस्या का निपटारा करना होगा। टीम की ओर से समय पर निस्तारण नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी होगी। वही मेड़ता सिटी उपखंड मुख्यालय के साढ़े 12 हजार के करीब बिजली उपभोक्ताओं के साथ ही समीपस्थ गांव डांगावास व सोगावास के करीब 3 हजार उपभोक्ताओं की बिजली फाल्ट संबंधी शिकायत का तत्काल निस्तारण होगा। शहर में 24 घंटे दो टीमें तैनात रहेंगी। रात को भी शिकायत मिलने पर टीम उसका निस्तारण करेगी। टीम के पास दो वाहन भी मौजूद रहेंगे। जिनमें एक चालक व दो तकनीकी कर्मचारी मौजूद रहेंगे। समय पर शिकायत का निस्तारण नहीं होने से पैनल्टी भी लगेगी।
टोल फ्री नं. व व्हाटसएप्प पर दर्ज करा सकेंगे शिकायतें
एईएन सिटी भवानी सिंह ने बताया कि शहर में एफआरटी टीम के पहुंचने पर टोल फ्री नंबरों पर शिकायत दर्ज कराने से ही उसका निस्तारण हो सकेगा। शहरवासियों को बिजली नो करंट व फॉल्ट संबंधी सूचना डिस्कॉम के टोल फ्री नंबर 18001806565 पर दर्ज करवानी होगी। इसके साथ ही डिस्कॉम के पुराने जीएसएस पर स्थित कंट्रोल रूम में डिस्कॉम के लैंड लाइन नंबरों पर मिलने वाली शिकायतें भी टीम को प्रेषित की जाएंगी। टीम मेड़ता पहुंचने पर व्हाट्सअप ग्रुप के माध्यम से भी शहरवासियों को टीम से जोड़ा जाएगा। इससे शहर के किसी भी क्षेत्र बिजली संबंधी शिकायत मिलने पर तुरंत उसका निस्तारण हो सकेगा।