बरवाडीह प्रखंड के केचकी पंचायत में लगभग 40 चापानल खराब है। भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहरा गया है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है, लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं है।
कचनपुर के अवधेश सिंह, महेंद्र सिंह, रामप्रवेश सिंह, अमृत सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि कचनपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास का चापानल काफी समय से खराब है। जिससे इस भीषण गर्मी में पानी लाने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। वहीं केचकी पंचायत समिति सदस्य जिबोध सिंह ने बताया कि पूरे पंचायत में करीब 40 से अधिक चापानल खऱाब पड़ा हुआ है, किंतु इसे बनाने का काम अभी तक शुरु नहीं किया गया है। जबकि कुछ दिन पहले समीक्षा बैठक में डीसी राजीव कुमार ने जल्द से जल्द सभी चापानल को बनाने और जरुरी सामान पेयजल विभाग से लेने के लिए कहा था। पाइप व अन्य उपकरणों को 14वें वित्त की राशि से खरीदकर बनाने का निर्देश मुखिया को दिया था, लेकिन केचकी पंचायत के अभी तक चापानल बनाने का काम शुरू भी नहीं किया गया है। जिससे ग्रामीणों को पानी की किल्लतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा होने से ग्रामीणों में अधिकारियों के खिलाफ काफी रोष देखा जा रहा है। केचकी में खराब चापानल नहीं बनाने के संबंध में बीडीओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया।