बेतला | बेतला टाइगर प्रोजेक्ट के कोर वन क्षेत्र में अवैध ढंग से करोड़ों रुपए के बीड़ी पत्ता तोड़वाने के लिए कई धंधेबाज सक्रिय हो गए हैं। वैसे धंधेबाजों ने बीड़ी पत्ते की तोड़ाई कराने वालों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि बफर वन क्षेत्र में बीड़ी पत्ते तोड़ाई का जब टेंडर होता है तो उसके आड़ में कोर एरिया वन क्षेत्र से हर साल करोड़ों रुपए के अवैध बीड़ी पत्ते की तोड़ाई कराई जाती है। जानकारी के अनुसार केड़, छिपादोहर, लात, जुरूहार, बारीदोहार, बरिचट्टान आदि कोर एरिया है। इसमें बीड़ी पत्ते की तोड़ाई करना मनाही है। चूंकि कोर एरिया में बीड़ी पत्ते तोड़ाई के लिए टेंडर नहीं होता है। जानकारों के अनुसार पिछले वर्ष कोर एरिया से भारी मात्रा में अवैध ढंग से बीड़ी पत्ते की तोड़ाई हुई थी। वन विभाग के अधिकारी अवैध बीड़ी पत्ते तोडऩे वालों पर कार्रवाई नहीं की। नतीजतन, इस बार अवैध बिड़ी पत्ता तोड़वालेवालों के हौसले बुलंद हैं।