रथ पर निकले परशुराम, झांकी से दिया रक्तदान का संदेश
सनातन ब्राह्मण समाज ने अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम जयंती अंकुरित आहार वितरण, मंदिर में पूजन और महाआरती कर मनाई। इस अवसर पर कॉलेज चौक पर फरसा पूजन कर भगवान परशुराम चौक का नामकरण किया। शाम 5 बजे कोठी बाजार के दुर्गा मंदिर से परशुराम सेना ने भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में सजाई झांकियों से रक्तदान का संदेश दिया। शोभायात्रा में ब्राह्मण समाज के योगदान को भी दर्शाया।
सनातन ब्राह्मण महासमाज ने सुबह जिला अस्पताल में मरीजों को अंकुरित आहार बांटा। इसके बाद परशुराम मंदिर में पूजन और महाआरती की। समाज के लोगों ने परशुराम चौक पर फरसा पूजन व स्थापना की। यहां पर पं. हीरेंद्र शुक्ला ने विधिवत पूजन किया। इसके बाद परशुराम चौक पर भंडारा प्रसादी का आयोजन किया। इस मौके पर संगठन अध्यक्ष सुभाष मोहन पांडे, मयंक भार्गव, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मीनाक्षी शुक्ला, कार्यकारी अध्यक्ष नीलम दुबे, संजय अवस्थी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
परशुराम जयंती
सनातन ब्राह्मण समाज ने परशुराम चौक पर की फरसा पूजा, मरीजों को बांटा अंकुरित आहार, वहीं युवतियों ने फरसा लेकर यात्रा में हुईं शामिल
पुरी के रथ पर सवार होकर निकले भगवान परशुराम
परशुराम सेना ने कोठी बाजार के दुर्गा मंदिर से शोभायात्रा निकाली। शाम 5 बजे निकली शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गंज पेट्रोल पंप के माता मंदिर पहुंची, जहां भगवान परशुराम की महाआरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया। सनातनी संस्कृति के अनुसार विधिवत मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुई शोभायात्रा में लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।
बैतूल. परशुराम जयंती शोभायात्रा में फरसा लेकर निकली युवतियां।
कान्यकुब्ज ब्राह्मण बोर्ड ने कराया गरीबों को भोजन
कान्यकुब्ज ब्राह्मण बोर्ड ने कोठी बाजार बस स्टैंड और लाहोरी शेड में गरीबों को भोजन कराया। इस मौके पर विदेश तिवारी ने कहा परशुराम त्रेता युग (रामायण काल) के एक मुनि थे। उन्हें भगवान विष्णु का छठा अवतार भी कहा जाता है। कार्यक्रम में हरिओम शुक्ला, आलोक भार्गव, संजय पप्पी शुक्ला, राजेंद्र मिश्रा, नितिन मिश्रा, मनीष दीक्षित, अनिल मिश्रा, राकेश त्रिवेदी सहित अन्य लोग मौजूद थे।