पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चोरडोंगरी में इंजीनियरिंग एंड इलेक्ट्रिकल जोन बनेगा, 2 हजार को मिलेगा रोजगार

चोरडोंगरी में इंजीनियरिंग एंड इलेक्ट्रिकल जोन बनेगा, 2 हजार को मिलेगा रोजगार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जि.ले के औद्योगिक विकास को रफ्तार देने चोरडोंगरी में अब इंजीनियरिंग एंड इलेक्ट्रिकल जोन बनाया जाएगा। इस जोन में इलेक्ट्रिकल उपकरण और सामान बनाने वाली फैक्ट्रियों को जमीनें दी जाएंगी। प्रदेश सरकार ने उद्योग विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इस प्रस्ताव को दिल्ली भेज दिया है। दिल्ली से मंजूरी मिलते ही चोरडोंगरी की 20 एकड़ जमीन पर साइट डेवलपमेंट का काम शुरू कर दिया जाएगा।

जिले में एक ही जगह पर इंजीनियरिंग एंड इलेक्ट्रिकल जोन का निर्माण करने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने प्लानिंग की थी। इस प्लानिंग के अनुसार जिले में एक जगह पर सीएफएल, पंखे, केबल, वायर और ट्रांसफार्मर जैसे उद्योग लगाने के लिए इंडस्ट्रियलिस्ट को जगह उपलब्ध करवाई जाए। इसके लिए चोरडोंगरी में 20 एकड़ जमीन पर इंजीनियरिंग एंड इलेक्ट्रिकल जोन निर्माण की प्लानिंग की है। इस जोन के निर्माण का नक्शा प्रदेश शासन को भेजा था।

प्रदेश शासन ने इसे मंजूरी देकर केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग को भेज दिया। अब केंद्र सरकार से मंजूरी मिलते ही इस जमीन पर साइट डेवलपमेंट कर बिजली, पानी और सड़क के इंतजाम किए जाएंगे। इस जगह पर नई फैक्ट्रियां लगने से कई युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। लगभग 2 हजार युवाओं को रोजगार की संभावनाएं यहां पर बनेंगी।

जिले में ही मिलेंगे सस्ते पंखे और सीएफएल

इस जोन के बनने से यहां पर एक साथ बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिकल उपकरण और सामान बनाए जाएंगे। इससे जिले में ही सस्ते पंखे, केबल, वायर, क्वाइल और अन्य सामान लोगों को मिल सकेंगे। एक ही जगह पर कई फैक्ट्रियां लगने से इनमें गुणवत्ता सुधार के लिए प्रतिस्पर्धा भी रहेगी। इससे सामान की क्वालिटी सुधरेगी।

20 एकड़ जमीन के प्लॉट बनाकर देंगे, फैक्ट्री नहीं लगी तो जमीन वापस

चोरडोंगरी की 20 एकड़ जमीन के प्लॉट बनाकर इंडस्ट्रीज संचालकों को दिए जाएंगे। 2 साल के भीतर इन संचालकों को यहां पर इंडस्ट्रीज लगानी होगी। इंडस्ट्रीज नहीं लगाने पर उद्योग केंद्र उनसे जमीन वापस ले लेगा।

जिले में हर साल 18 हजार बेरोजगार

रोजगार कार्यालय के आंकड़ों को देखें तो जिले में हर साल बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है। रोजगार पंजीयनों की संख्या देखें तो हर साल पंजीयन बढ़ रहे हैं। 2012 तक जहां 16 हजार बेरोजगार युवा हर साल पंजीयन करवा रहे थे। वहीं अब हर साल औसतन 18 हजार पंजीयन हो रहे हैं।

तीन जगहों में से चोरडोंगरी का चयन

नए औद्योगिक क्षेत्र डेवलप करने के लिए 150 एकड़ जमीन वाला लैंड बैंक बनाया था। इस लैंड बैंक में चोरडोंगरी, मोरडोंगरी और कोलगांव की 150 एकड़ जमीन शामिल की थी। इनमें से एक जगह पर जोन बनाया जाना था। उपलब्ध सुविधाओं को देखते हुए चोरडोंगरी की जमीन का चयन कर प्रस्ताव भेजा है।

केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है

चोरडोंगरी में इंजीनियरिंग एंड इलेक्ट्रिकल जोन बनाया जा रहा है। प्रदेश शासन को प्रस्ताव भेजा था। प्रदेश शासन ने नक्शा पास कर केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही चोरडोंगरी में साइट डेवलपमेंट और प्लॉट आवंटन का काम शुरू किया जाएगा। डॉ. ओपी बोरीवाल, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र

खबरें और भी हैं...