रेप कांड के विरोध में नायब तहसीलदार को दिया ज्ञापन
बैतूल. उन्नाव और कठुआ में हुए रेप कांड के विरोध में युवा आवाज संगठन के युवक-युवतियों ने बुधवार को शहर में रैली निकालकर कलेक्टोरेट कार्यालय में ज्ञापन दिया। यह ज्ञापन तीन साल की बच्ची ने नायब तहसीलदार जेड ए खान को ज्ञापन दिया।
आरोपियों को एक माह में फांसी की सजा देने की मांग
भास्कर संवाददाता | बैतूल
देश में हो रही बलात्कार की घटनाएं के खिलाफ युवाओं ने आवाज उठाना शुरू कर दिया है। बैतूल में बना गैर राजनीतिक युवा आवाज संगठन के बैनर तले आधा सैकड़ा युवक-युवतियों ने बुधवार को कठुआ और उन्नाव में हुए रेप कांड के विरोध में शिवाजी चौक से कलेक्टोरेट कार्यालय तक हाथ में काली पट्टी बांध और तख्ती लेकर रैली निकाली। वहीं युवक-युवतियों ने एक सुर में कहा वी वांट जस्टिस।
युवा आवाज संगठन ने ज्ञापन में बताया वर्तमान समय में देश में फांसीवादी आक्रमण व उदारवादी हमले तेज होते जा रहे हैं। सरकार ने वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद महिलाओं पर अत्याचार नहीं होगा, लेकिन देश के हर राज्य में महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। इसलिए महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहीं हैं। युवा आवाज संगठन के युवाओं ने राष्ट्रपति से उन्नाव और कठुआ कांड में आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
आवाज उठाने वालों में सोनाली मालवी, शीतल गायकवाड़, संजना ठाकुर, ज्योति बड़ेल, अश्विनी उइके, गरिमा कौशल, सारिका लेले, स्वप्निल दुबे, अक्षय लिखितकर, दुर्गेश बारस्कर, सुमित अहिरवार, प्रक्षेण मालवी सहित आधा सैकड़ा युवक-युवती शामिल हुए। इस घटना के विरोध में मंगलवार रात को युवक-युवतियों ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी।
तीन साल की बच्ची के हाथों दिलाया ज्ञापन
युवक-युवतियों ने रेप कांड के विरोध में कलेक्टोरेट कार्यालय में जमीन पर बैठकर नारेबाजी की। युवक-युवतियों ने बलात्कारियों के खिलाफ कड़े कानून बनाने पर जोर दिया। उन्होंने तीन साल की बच्ची किनिशा बर्थे के हाथों राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार जेडए खान को दिलाया।