भूजलस्तर बढ़ाने हैंडपंपों के बगल में बनाएंगे 558 सोकपिट
शहर में गहराते जलसंकट से निपटने और शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए नगरपालिका गुरुवार को परिषद के सम्मेलन का आयोजन करेगी। इस सम्मेलन में गिरते भूजलस्तर को बढ़ाने और शहर में नए बोर खनन करने जैसे विषयों पर निर्णय होंगे। इसी के साथ हैंडपंप रिचार्ज करने और डामरीकरण पर भी निर्णय लिया जाएगा।
शहर में 558 हैंडपंपों के बगल में गड्ढा खोदकर सोकपिट बनाकर भूजलस्तर बढ़ाने जैसे विषयों पर निर्णय होगा। नपाध्यक्ष अलकेश आर्य और नगरपालिका के अधिकारियों की मौजूदगी मे 33 वार्डों के पार्षद विषयों पर चर्चा कर निर्णय लेंगे। ज्ञात हो कि 14 मार्च को भी परिषद का सम्मेलन आयोजित किया था। इसमें बजट पर चर्चा कर इसे पास किया था। पार्षदों के विरोध प्रदर्शन के बीच जलसंकट जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर इस सम्मेलन में चर्चा नहीं हो पाई थी। पार्षदों की मांग पर बाद में दूसरा सम्मेलन करने की बात कही थी।