फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने एवं अमर्यादित टिप्पणी करने को लेकर पूर्व विधायक एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुखदेव पांसे ने सोमवार भाजपा के दो नेताओं के खिलाफ एसपी डीआर तेनीवार से शिकायत की। शिकायत में पांसे ने बताया वह दो बार बैतूल जिले की मासोद एवं मुलताई विधानसभा से निर्वाचित विधायक रहे हैं। क्षेत्र की जनता के प्रति उनका काफी सम्मान है। विगत दिनों कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के साथ वह एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम की फोटो में एक पार्टी विशेष के दो व्यक्ति लतेश पवार एवं सुजीत सूर्यवंशी ने छेड़छाड़ कर फेसबुक पर अपलोड कर उस पर भद्दे कमेंट किए हैं। इन युवकों द्वारा किया गया कृत्य अमर्यादित, अशोभनीय एवं शर्मनाक है। पांसे ने बताया इस पोस्ट के वायरल होते ही जिले भर से उनके समर्थकों एवं प्रदेश एवं देश के मित्रों के फोन उन्हें आने लगे, जिससे वह अत्यंत अपमानित एवं असहज महसूस कर रहे हैं। उनकी छवि को धूमिल करने के लिए इन युवकों ने साजिश करते हुए झूठी एवं अपमानजनक पोस्ट उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर डाली है। इस पोस्ट को पढ़कर कुछ फेसबुक यूजर भद्दे कमेंट भी कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट।