बैतूल| नियमितिकरण की मांग को लेकर 15 मई से कलेक्ट्रोरेट के सामने हड़ताल पर बैठे रोजगार सहायकों ने सोमवार को चिलचिलाती गर्मी में पानी पूरी बेचकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था शासन ने उन्हें अब पानी पूरी बेचने पर मजबूर कर दिया है। महिला रोजगार सहायक पानी पूरी बेचकर शासन की ओर से की जा रही उपेक्षा का प्रदर्शन किया। सोमवार सुबह से शाम तक 450 रुपए की पानी पूरी रोजगार सहायकों ने बेची। जिलाध्यक्ष दयाराम नारे, रमेश बारस्कर, जागेश गावंडे, ज्ञानदेव महस्की, सतपाल साहू समेत अन्य ने बताया शासन हमारे साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। 10 जनपदों के रोजगार सहायक इस दौरान एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। पदाधिकारियों ने बताया प्रदेश शासन से हमें आश्वासन मिला था कि 15 दिन के भीतर आपकी मांगे पूरी करने प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। लेकिन ये केवल दावा ही रह गया है।