बैतूल| जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को भाजपा नेत्री पर राजकीय अतिथि का दर्जा प्राप्त मुख्यमंत्री वी. नारायण सामी एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ का एक समाज के कार्यक्रम में अपमान करने का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर एसपी डीआर तेनीवार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेसियों ने बताया 19 मई को पुडुचेरी के सीएम एवं मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ कलार समाज के आयोजित कार्यक्रम में उद्बोधन कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा नेत्री रेखा शिवहरे ने कांग्रेस पार्टी के अतिथि के खिलाफ निंदनीय टिप्पणी की तथा मंच पर जबरदस्ती आने की कोशिश की। समिति के सदस्यों ने उन्हें रोका तो वे कार्यक्रम में और भी हंगामा करती रहीं। उनकी यह अमर्यादित हरकत राज्य अतिथि का अपमान करना अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने राज्य अतिथि का अपमान एवं हंगामा करने के लिए भाजपा नेत्री रेखा शिवहरे के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। ज्ञापन में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष समीर खान, डॉ. राजेंद्र देशमुख, हेमंत वागद्रे, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शांतिलाल तातेड़, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अरूण गोठी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता हेमंत पगारिया, पूर्व नपाध्यक्ष धीरू शर्मा एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।