पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अतिक्रमण से संकरी हो गईं गलियां, नहीं जा पाते फायर वाहन, आग बुझाने छोटे खरीदने की जरूरत

अतिक्रमण से संकरी हो गईं गलियां, नहीं जा पाते फायर वाहन, आग बुझाने छोटे खरीदने की जरूरत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
40 लाख से नया फायर वाहन खरीदने की तैयारी कर रही नगर पालिका

भास्कर संवाददाता| बैतूल

गर्मी बढ़ने के साथ ही आगजनी की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं, नगरपालिका आग से निपटने के लिए फायर स्टेशन बनाने और 40 लाख की नई फायर ब्रिगेड खरीदने की तैयारी कर रही है। लेकिन शहर के अधिकांश हिस्से ऐसे हैं जहां अतिक्रमण के कारण तंग गलियों में ये फायर ब्रिगेड घुस नहीं पाती। ऐसे में नपा को छोटे साइज के क्विक रिस्पांस फायर व्हीकल खरीदने की भी प्लानिंग करनी होगी। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र समेत अन्य एरियों में बड़ी फायर ब्रिगेड का घुसना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। पिछले साल गर्मियों में सीमेंट रोड की गली और तिलक वार्ड में आगजनी की घटना के बाद फायर वाहन अंदर भी नहीं घुस पाया था। लोगों ने स्वयं ही पानी लाकर आग बुझाई थी। इस तरह की आगजनी की घटनाओं पर कंट्रोल करने के नाम पर नपा नया फायर वाहन खरीदने की तैयारी कर रही है। लेकिन जरूरत नया वाहन खरीदने से अधिक गलियों से अतिक्रमण हटाने और छोटे फायर वाहन खरीदने की है।

छोटे फायर वाहन की चौड़ाई 6 और बड़े की आठ फीट
भास्कर टीम ने शनिवार को नगरपालिका कार्यालय में खड़े फायर वाहनों की चौड़ाई को टेप से नापा। बड़े वाहन के सामने का हिस्सा 8 फीट चौड़ा था। वहीं छोटे क्विक रिस्पांस व्हीकल का सामने का हिस्सा 6 फीट चौड़ा था। अधिकांश गलियां 6 से 7 फीट ही चौड़ी हैं। इस तरह छोटा वाहन तंग गलियों में भी आसानी से घुस सकता है। लेकिन बड़ा वाहन इनमें नहीं घुस पाता।

यहां की गलियों में नहीं घुस सकती फायर ब्रिगेड
सीमेंट रोड मुख्य बाजार का क्षेत्र, खंजनपुर की गलियां, सदर के ढीमर मोहल्ला, तिलक वार्ड, मांग मोहल्ला, आजाद वार्ड, आर्यपुरा, चंद्रशेखर वार्ड की तंग गलियों में बड़ी फायर ब्रिगेड का घुसना बेहद मुश्किल है। इन गलियों में बेहद छोटा क्विक रिस्पांस फायर व्हीकल ही घुस सकता है। शनिवार दोपहर काेठी बाजार में ताे गली में जीप तक नहीं निकल पा रही थी।

अतिक्रमण हटाना भी जरूरी
शहर की गलियों में अतिक्रमण पैर पसार चुका है। मकानों के सामने लोगों ने सीढ़ियां और चबूतरे बना लिए हैं। कई लोगों ने गैराज भी बना लिए हैं। इस तरह तंग गलियों से अतिक्रमण हटाना भी जरूरी है।

भूजलस्तर दो मीटर नीचे गया
इस साल जिले का औसत भूजलस्तर बेहद तेजी से नीचे गया है। अप्रैल 2017 में पूरे जिले का औसत भूजलस्तर 26 मीटर नीचे था। वहीं इस साल इसमें 2 मीटर की गिरावट आई है, यानी भूजलस्तर 2 मीटर नीचे जाकर 28 मीटर हो गया है।

केवल 150 फीट लंबा रहता है पाइप
फायर वाहन का पाइप केवल 150 फीट लंबा रहता है। इसमें दूसरे अन्य पाइप जोड़कर 250 से 300 फीट तक ही पानी पहुंचाया जा सकता है। इसलिए वाहन का गली में घुसना जरूरी है। पाइप के सहारे पानी नहीं पहुंचाया जा सकता।

अभी नपा के पास हैं 4 फायर ब्रिगेड
वर्तमान में नगरपालिका के पास चार फायर वाहन हैं। इनमें से तीन बड़े और केवल एक क्विक रिस्पांस व्हीकल है। यह वाहन ही तंग और संकरी गलियों में घुस सकता है। इसकी चौड़ाई केवल 6 फीट है।

फायर ब्रिगेड खरीदने की तैयारी है
वर्तमान में बड़ी फायर ब्रिगेड खरीदने की तैयारी की जा रही है। छोटे फायर वाहन खरीदने पर परिषद निर्णय ले सकती है। फायर वाहन में लंबे पाइप रहते हैं वहां तक पानी डाला जा सकता है वहां तक पहुंचाया जाता है। महेश अग्रवाल, प्रभारी सीएमओ, नगर पालिका

ऊंची इमारतों का नहीं हुआ फायर ऑडिट
बैतूल शहर की ऊंची इमारतों का फायर ऑडिट करने के आदेश राजधानी से आए थे। इमारतों में फायर सेफ्टी के इंतजाम बेहतर करने के लिए ऐसा किया था। लेकिन अब तक नपा के राजस्व अमले ने शहर की ऊंची इमारतों का सर्वे भी नहीं करवाया है। इस कारण फायर ऑडिट नहीं हो पाया है।

खबरें और भी हैं...