- Hindi News
- National
- राठौर और किराड़ समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में आज 9 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र मेें
राठौर और किराड़ समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में आज 9 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र मेें
अक्षय तृतीया पर समाज भी खर्चीली शादियों को रोकने के लिए सामूहिक विवाह का आयोजन कर रहा है। बुधवार को किराड़ समाज और राठौर समाज सामूहिक विवाह का आयोजन करेगा। किराड़ समाज गायत्री मंदिर तथा राठौर समाज केरपानी के हनुमान मंदिर परिसर में आयोजन करेगा। राठौर समाज सामूहिक विवाह के साथ युवक-युवती परिचय सम्मेलन भी करेगा। किराड़ समाज के 5 तथा राठौर समाज के 4 जोड़ों की स्वीकृति मिल चुकी है।
राठौर रिश्ते नाते स्मारिका का होगा विमोचन
राठौर समाज के जिलाध्यक्ष अनिल राठौर ने बताया केरपानी के हनुमान मंदिर में परिचय सम्मेलन व सामूहिक विवाह का आयोजन किया है। सुबह 10 बजे से सामूहिक विवाह तथा दोपहर 12 बजे से परिचय सम्मेलन होगा। इस मौके पर समाज की स्मारिका बैतूल राठौर रिश्ते नाते का भी विमोचन होगा। स्मारिका में विवाह योग्य समाज के युवक-युवतियों व समाजोपयोगी जानकारी उपलब्ध होगी।
दुल्हन दहेज में ले जाएंगी पौधे
गायत्री मंदिर सिविल लाइन बैतूल में किराड़ समाज का सम्मेलन होगा। अखिल भारतीय किराड़ क्षत्रिय महासभा के दयाल पटेल हारोड़े ने बताया खर्चीली शादी को रोकने यह आयोजन किया जा रहा है। सीएम शिवराज सिंह चौहान के जीजा महेश पटेल व रोजगार निर्माण बोर्ड के अध्यक्ष हेमंत विजयराव देशमुख के साथ महासभा की राष्ट्रीय महासचिव फूलवती सूर्यवंशी शामिल होंगी। युवा जिलाध्यक्ष मदन लाल डढोरे ने बताया सामूहिक विवाह में विवाह करने के लिए 5 जोड़ों ने सहमति दे दी है।