बड़ी बहन का शारीरिक शोषण करने के बाद छोटी को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को इटारसी से पकड़ा
भास्कर संवाददाता | बैतूल
कोतवाली थाने के टिकारी क्षेत्र में 10 साल तक बड़ी बहन का शारीरिक शोषण करने के बाद छोटी को प्रेमजाल में फंसाकर ले जाने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने इटारसी से गिरफ्तार किया। आरोपी शरद मानकर ने पहले बड़ी बहन को शादी का झांसा देकर 10 साल तक शारीरिक शोषण किया। इसके बाद छोटी बहन को प्रेमजाल में फांस कर उसे लेकर फरार हो गया। बड़ी बहन की शिकायत के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
आरोपी शरद ने 1 मार्च को अपनी शादी की फोटो फेसबुक पर अपलोड की थी। इसके बाद पीड़िता बड़ी बहन ने कोतवाली में मामला दर्ज कराया था। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को इटारसी से गिरफ्तार किया है। वह शादी के बाद से यहां रह रहा था। आरोपी शरद मानकर ने बताया बड़ी बहन से प्रेमप्रसंग नहीं था।
युवती की छोटी बहन से प्रेम विवाह करने के कारण वह झूठे आरोप लगा रही है। एसआई सुरेंद्र यादव ने बताया दुष्कर्म के आरोपी को इटारसी से गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया है।
झांसा देकर 4 साल से कर रहा था शोषण दूसरी से करने वाला था शादी, गिरफ्तार
बैतूल| आमला थाने के बघवाड़ गांव में एक युवक गांव की ही एक युवती को शादी का झांसा देकर चार सालों से उसका शारीरिक शोषण करने के बाद अब दूसरी लड़की से शादी कर रहा था। इसकी जानकारी युवती को लगी तो उसने आमला थाने में युवक पर मामला दर्ज कराया। 30 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया देवेंद्र इवने (25) 4 साल से शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा है। अब शादी से इनकार कर 20 अप्रैल को दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान ने बताया युवक-युवती को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक कर रहा था। युवक की शादी दूसरी जगह 20 अप्रैल को होनी है। शिकायत पर आरोपी देवेंद्र इवने पर मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।