पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 1 सड़क बंद, दूसरी पर ट्रैफिक, बढ़ा विरोध तो सब्जी दुकानों को 10 फीट पीछे हटाया

1 सड़क बंद, दूसरी पर ट्रैफिक, बढ़ा विरोध तो सब्जी दुकानों को 10 फीट पीछे हटाया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
व्यापारियों और पार्षदों ने जब सड़क पर दुकानें लगाने का विरोध किया तो नगरपालिका ने मंगलवार को सब्जी दुकानों को सड़क से 10-10 फीट पीछे कराया। इसके बाद भी क्षेत्र के रहवासी सब्जी बाजार हटाने की मांग कर रहे हैं। यह सारा मामला गंज मंडी कॉॅम्प्लेक्स के निर्माण के कारण हुआ है। इस कारण सब्जी दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए नपा को उचित जगह नहीं मिल रही है और सौ से अधिक सब्जी व्यापारी दुकानें सड़क पर लगा रहे हैं। सड़क पर दुकानें लगने से दुर्घटना का ग्राफ दिनोंदिन बढ़ रहा है। बाबू चौक से गंज मस्जिद तक सड़क किनारे करीब 100 से अधिक सब्जी व फल दुकानदारों को नपा ने दुकानें लगाने जगह दी है। दुकानदारों ने सड़क से सटाकर दुकानें लगा ली थी। इससे ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही थी। मंगलवार सुबह विरोध के बाद नपा के राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते अमले के साथ पहुंचे और दुकानदारों को सड़क पर दुकानें नहीं लगाने की हिदायत देकर 10 फीट सड़क से पीछे कराया।

दिए सुझाव- खाली जगहों पर लगाएं बाजार

व्यापारी आलोक भार्गव, पार्षद पिंटू महाले, पवन यादव तथा राजेंद्र सिंह चौहान ने नगरपालिका अध्यक्ष अलकेश आर्य से मिलकर सब्जी बाजार को खाली जमीन पर लगाने के लिए सुझाव दिया। विनोबा वार्ड के पार्षद पिंटू महाले ने वार्ड में खाली जमीन पर बाजार लगाने के लिए सुझाव दिया। पार्षद राजेंद्र सिंह चौहान ने जवाहर वार्ड में गुबरेले के मकान के पास खाली जमीन पर बाजार लगाने सुझाव दिया।

रहवासी बोले- हटाएं सब्जी बाजार

गंज सब्जी बाजार को व्यवस्थित कराने को लेकर आलोक भार्गव, पार्षद पिंटू महाले, राजेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य लोगों ने नगरपालिका अध्यक्ष अलकेश आर्य को ज्ञापन दिया। उनका कहना है कालापाठा पुलिया व गंज की पुलिया का निर्माण चलने से इस रोड पर ट्रैफिक बढ़ गया है। सड़क के दोनों ओर सब्जी दुकानें लगने से दुर्घटनाएं होने लगी हैं। उन्होंने कहा रिहायशी इलाका होने से इस स्थान पर सब्जी दुकानों के कारण गंदगी भी बढ़ रही है। ऐसे में दुकानों को अन्य जगह विस्थापित की जाए।

बैतूल. गंज में लगने वाले सब्जी बाजार को नपा ने सड़क से 10 फीट पीछे करवाया।

20 फीट चौड़ी हो गई सड़क

गंज क्षेत्र में सब्जी लगाने वाले दुकानदारों ने बताया नगरपालिका ने गंज मंडी का काम शुरू करने से पहले सब्जी बाजार के लिए जगह नहीं देखी। इस कारण सड़क पर दुकानें लगाना पड़ रहा है। हालांकि नगरपालिका के कर्मचारियों ने मंगलवार को सड़क से 10-10 फीट पीछे दुकानें करने के बाद सड़क 20 फीट चौड़ी हो गई। सड़क से वाहन आसानी से गुजर जाएंगे और दुर्घटना का खतरा भी नहीं रहेगा। सब्जी व्यापारी बबलू पवार तथा श्रीकांत ने बताया यदि कहीं उचित जगह नहीं मिलती तो इसी जगह पर दुकानें लगाई जाएगी। दुकानें पीछे होने से दुर्घटना का खतरा भी नहीं रहेगा।

पुल निर्माण से सड़क बंद होने से परेशानी

गंज से कोठी बाजार को जोड़ने वाली सड़क पर पुल निर्माण के कारण कॉलेज चौक से गंज जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। सड़क से रोज 10 हजार वाहन चालक गुजर रहे हैं। बड़े वाहन व बसों का भी आवागमन इसी सड़क से हो रहा है। ऐसे में इस सड़क पर सब्जी दुकानें लगने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। इस इलाके में रहने वाले लोगों का कहना है, सड़क पर ट्रैफिक अधिक होने से यहां से सब्जी बाजार अन्य जगह स्थानांतरित किया जाना चाहिए।

व्यवस्थित कराने प्रयास करेंगे

सब्जी दुकानों को सड़क से पीछे कराया है। सब्जी बाजार को व्यवस्थित करने खाली जमीन की तलाश की जा रही है। कुछ सुझाव आए हैं वहां पर दुकानों को व्यवस्थित कराने के प्रयास किए जाएंगे। अलकेश आर्य, नगरपालिका अध्यक्ष, बैतूल

खबरें और भी हैं...