सड़क हादसे में घायल लोगों को पहुंचाया अस्पताल
बैतूल| तीन अलग-अलग सड़क हादसों में घायलों लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचा कर ऑटो एम्बुलेंस चालकों ने घायलों की जान बचाई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने के अलावा उनकी भर्ती पर्ची बनाकर ऑटो चालकों ने उन्हें एडमिट कराया। घायलों में जहां एक किशोरी शामिल है, वहीं एक बुजुर्ग एवं एक युवक है। बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के पदाधिकारियों ने तीनों ऑटो चालकों को सेवा शुल्क का भुगतान कर उनका आभार माना। एलआईसी के सामने पानी के टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किशोरी सड़क पर गिर गई। ऑटो चालक शिव पवार ने किशोरी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को इटारसी रोड पर आयल मिल के सामने एक जीप ने बाइक सुबह 10.30 बजे टक्कर मारी। टक्कर से घायल युवक को गेंदा चौक के ऑटो चालक तरुण साहू ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं रानीपुर मार्ग पर टवेरा का टायर फटने से घायल बुजुर्ग बाबूलाल को स्टेडियम चौक से ऑटो चलाने वाले ऑटो एम्बुलेंस चालक फिरोज खान उर्फ बबलू ने जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों को संस्था के सचिव भारत पदम, सह सचिव ईश्वर सोनी, संस्था सदस्य एवं ऑटो एम्बुलेंस योजना की सहयोगी श्रीमती माधुरी पुजारे ने सहयोग राशि देकर तीन जिंदगियों की रक्षा करने आभार माना।