आप बोली: कर्ज के बोझ तले दबे किसान, बढ़ रही बेरोजगारी
किसानों की कर्ज माफी, बिजली दाम आधे करने और बढ़ती बेरोजगारी की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर मूलचंद साहू को ज्ञापन सौंपा। जिला मीडिया प्रभारी रितेश शर्मा ने बताया ज्ञापन में विगत तीन वर्षों से लगातार प्रदेश के किसान कम बारिश, अतिवृष्टि, फसलों के कम दाम, समय पर उचित बीज ना मिलने के कारण किसान कर्ज के बोझ से दबा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि बीजेपी की सरकार बनने पर स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार किसानों को उनकी फसल की लागत मूल्य का डेढ़ गुना दाम दिया जाएगा। परंतु सरकार बनने के बाद मोदी सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में शपथ पत्र देकर कहा स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू नहीं की जा सकती। आप ने इन सभी मांगों को 25 मई के पहले पूरा किए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रुप से जिला अध्यक्ष अजय सोनी, सपन कामला, रितेश शर्मा, मनोहर पचौरी, अरविंद मंडल, राजेश यादव, प्रीतम घूमर, शिवरतन चौहान, राशिद खान शामिल थे।