- Hindi News
- National
- सीसीओ बोले: वाटर कूलर में क्यों नहीं आ रहा ठंडा पानी, सुधारों, गर्मी में यात्रियों को मिलना चाहिए
सीसीओ बोले: वाटर कूलर में क्यों नहीं आ रहा ठंडा पानी, सुधारों, गर्मी में यात्रियों को मिलना चाहिए
मध्य रेलवे मंडल मुंबई के सीसीओ पीके रानाडे ने बुधवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। सुबह 10 बजे ट्रेन से बैतूल पहुंचे सीसीअाे ने प्लेटफार्म नंबर एक और दो का निरीक्षण किया। गर्मी के दिनों में प्लेटफार्म पर पंखे बंद ताे नहीं है, इसकाे लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान एक वाटर कूलर से ठंडा पानी नहीं आने पर उन्होंने कहा वाटर कूलर में ठंडा पानी क्यों नहीं आ रहा, इसे सुधारों। गर्मी में यात्रियों को ठंडा पानी मिलना चाहिए। उन्होंने प्लेटफार्म पर सफाई रखने के दिए निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शौचालय में गंदगी मिलने से नाराजगी जताकर अधिकारियों को कहा इस तरह की गंदगी शौचालय में नहीं दिखनी चाहिए। तत्काल सफाई करने के निर्देश दिए। स्टेशन मास्टर के चैंबर में रेल अधिकारियों से मुलाकात कर मूलभूत व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया।
बैतूल। रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए सीसीओ।
दोबारा आऊं तो कैमरे लगे मिलना चाहिए
प्लेटफार्म नंबर 1 का निरीक्षण के दौरान उन्हें प्लेटफार्म पर सीसीटीवी कैमरे नहीं दिखे। रेलवे अधिकारियों से पूछा तो उन्होंने कैमरे लगने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की बात कही। इस पर सीसीओ ने प्लेटफार्म नंबर 1 और 2 पर कैमरे लगाने के निर्देश दिए ताकि पूरा प्लेटफार्म कैमरों की जद में आ जाए। कैमरे लगाते समय अधिकारियों को ट्रेन की आवाजाही भी कैमरे में दिखाई दे। ऐसे जगह कैमरे लगाने के लिए कहा है ताकि हर आने-जाने वाली ट्रेन पर नजर रखी जा सके। यही नहीं किसी प्रकार से कोई विवाद या कोई घटना होती है तो कैमरे के माध्यम से आसानी से घटना की जांच की जा सके। स्टेशन मास्टर एसके वर्मा ने उन्हें बताया वर्तमान में स्टेशन पर 4 कैमरे लगे हैं और भी कैमरे लगना हैं। शीघ्र राशि आने पर इसका काम भी पूरा कर लिया जाएगा।
आरपीएफ से पूछा, कितने लोगों पर की कार्रवाई
सीसीओ ने आरपीएफ थाने का भी निरीक्षण किया। आरपीएफ से पूछा सुरक्षा की दृष्टि से कितने लोगों पर कार्रवाई की। आरोपियों को पकड़ने के बाद हवालात में कहा रखा जाता है। इस दौरान उन्होंने अवैध वेंडरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। आरपीएफ कर्मियों ने सीसीओ से थाने में शौचालय निर्माण की मांग की। इस पर उन्होंने शीघ्र शौचालय निर्माण का आश्वासन दिया।