पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 65 किलोमीटर सीसी सड़कों पर बिछेगी वैक्स रेजिन की लेयर, बचेगा 15 करोड़ लीटर पानी

65 किलोमीटर सीसी सड़कों पर बिछेगी वैक्स रेजिन की लेयर, बचेगा 15 करोड़ लीटर पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले में जलसंकट ने दस्तक दे दी है। जिले की सबसे लंबी सीसी सड़क भी बनाई जा रही है। नवनिर्मित सड़कों की तराई में 62 हजार टैंकर पानी खर्च होने की संभावना देख पीडबल्यूडी ने पानी बचाने के लिए कैमिकल तकनीक अपनाने का निर्णय लिया है। नई सड़क की सतह पर वैक्स और रेजिन का स्प्रे करके इसकी लेयर बिछाई जाएगी। इस लेयर से मिश्रण में उपयोग हुआ पानी लॉक हो जाएगा और अलग से ज्यादा तराई नहीं करनी पड़ेगी।

15 करोड़ लीटर पानी बचेगा

जिले में 65 किलोमीटर सड़कें भीषण गर्मी में बनाई जाएंगी। अप्रैल और मई में सड़क निर्माण पूरा होना है। इनकी तराई में करीब 62 हजार टैंकर लगने की संभावना है। पीडबल्यूडी ने पानी की कमी को देखते हुए निर्माण के साथ सड़कों पर वैक्स और रेजिन की लेयर डालने का निर्णय लिया है। इससे 62 हजार टैंकर यानी 15 करोड़ लीटर पानी की बचत हो सकेगी।

1 स्क्वेयर मीटर में बिछेगा 250 ग्राम

वैक्स और रेजिन केमिकल की लेयर 250 ग्राम प्रति वर्ग मीटर की दर से बिछाई जाएगी। पानी की बचत के लिए यह केमिकल महाराष्ट्र से बुलाया जा रहा है। लिक्विड फार्म में 1 लीटर का यह केमिकल 120 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बुलाया गया है।

दो तरह की केमिकल लेयर बिछाई जाएगी

दो तरह के स्प्रे बुलवाए गए हैं। रेजिन बेस्ड स्प्रे और वैक्स बेस्ड स्प्रे। इन स्प्रे को सीसी सड़क बनने के बाद इसके ऊपर बिछाया जाएगा। इस तरह सीमेंट कांक्रीट पर इसकी लेयर बिछ जाएगी और पानी का उपयोग कम होगा।

बैतूल. छिंदवाड़ा से बैतूल तक बन रही सीसी सड़क में पानी बचाने के लिए वैक्स और रेजिन की लेयर बिछाई जा रही है।

पानी भाप बनकर नहीं उड़ पाएगा

जलसंकट को देखते हुए सीसी सड़कों के निर्माण के बाद इन पर केमिकल लेयर बिछाने का निर्णय लिया गया है। लेयर बिछने से मिश्रण में शामिल पानी भाप बनकर नहीं उड़ पाएगा। तराई में उपयोग होने वाला पानी बचेगा और सड़क भी कम तराई से मजबूत बनेगी। एसके पाटिल, ईई, पीडब्ल्यूडी

ये सड़कें बननी हैं

मुलताई-भैंसदेही सड़क

लागत: 150 करोड़

कुल लंबाई: 83 किलोमीटर

अब तक बनी: 50किलोमीटर

बनाई जानी है: 33 किमी

बैतूल-बोरदेही-आमला सड़क

लागत:
130 करोड़

कुल लंबाई: 72 किलोमीटर

अब तक बनी: 40 किमी

बनाई जानी है: 32 किमी

एक किलोमीटर सड़क के निर्माण में लगा 8 लाख लीटर पानी होगा लॉक

1 किलोमीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाने में 3500 क्यूबिक मीटर कांक्रीट बिछता है। इसका सीमेंट- कांक्रीट मिश्रण बनाने में 8 लाख 75 हजार लीटर पानी लगता है। सड़क पर लेयर बिछा देने से मिश्रण में मिला यह पानी, नमी सड़क में ही लॉक हो जाएगी।

ऐसे बचेगा पानी

1 किलोमीटर सीसी सड़क की 21 दिन तक तराई में औसत 400 टैंकर पानी लगता है। इस तरह 62 हजार 250 टैंकरों का 15 करोड़ लीटर पानी केवल तराई में लगना अनुमानित है। केमिकल लेयर बिछने से यह पानी बच जाएगा।

खबरें और भी हैं...