खेल प्राधिकरण के गठन के लिए आंदोलन करेंगे पूर्व खिलाड़ी
जिला स्तर पर खेल प्राधिकरण का गठन नहीं होने से नाराज बैतूल के पूर्व खिलाड़ियों ने गांधीवादी तरीके से आंदोलन करने का आह्वान किया है। रविवार को शहर की एक निजी होटल में पूर्व खिलाड़ी अनिल वर्मा, वीरेंद्रसिंह ठाकुर तथा हेमंतचंद्र दुबे ने शासन से खेल नीति में पारदर्शिता लाने की मांग की है।
हॉकी खिलाड़ी हेमंतचंद्र (बबलू) दुबे ने बताया मप्र शासन की वर्ष 2005 में लागू की गई खेल नीति में जिला स्तर पर जिला खेल प्राधिकरण का गठन किया जाना था, लेकिन अभी तक जिला स्तर पर इसका गठन नहीं हुआ। इससे खिलाड़ियों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसी भी प्रदेश की खेल नीति या तो केबिनेट या विधानसभा में पारित होती है। हेमंतचंद्र दुबे ने शासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा प्रदेश में अधिकारियों ने नीतियों को लागू करने में कोई रुचि नहीं दिखाई है। ऐसा लग रहा है प्रदेश में नीतिगत और घोषणा का शासन संचालित किया जा रहा है। खेल नीति के तहत जिला स्तर पर गठित होने वाली अथॉर्टी में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों काे रखा जाना था, जो नहीं किया है। जिला स्पोर्ट्स अथॉरिटी के गठन होने तक बैतूल के सभी खेल संघ और खिलाड़ी अहिंसात्मक, गांधीवादी तरीके से आंदोलन करेंगे, ताकि खिलाड़ियों काे उनका अधिकार मिल सके।