बैतूल| प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत नगरपालिका की ओर से प्रधानमंत्री सड़क से प्लास्टिक सप्लाई का एग्रीमेंट तो किया लेकिन सप्लाई आज तक नहीं की। दरअसल जब भी प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़कें बनाने नपा से संपर्क किया जाता है तो नपा हर बार प्लास्टिक उपलब्ध नहीं होने की बात ही कहती है।
पूर्व नपा सीएमओ अशोक शुक्ला के कार्यकाल में प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट शुरू कर प्रधानमंत्री सड़क के अधिकारियों को सूचना दी थी। सड़क योजना के अधिकारियों ने अपने ठेकेदारों को सड़क मजबूती के लिए प्लास्टिक प्लांट से प्लास्टिक लेकर सड़क निर्माण में इसका उपयोग करने की हिदायत भी दी थी। लेकिन जितनी बार भी ठेकेदार प्लांट में संपर्क करते हैं हर बार प्लास्टिक उपलब्ध नहीं होने का हवाला दिया जाता है। प्रधानमंत्री सड़क प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक वीके खेत्रपाल ने बताया नपा की ओर से हमें प्लास्टिक कभी दिया ही नहीं गया है। जबकि ठेकेदार हर बार संपर्क करते हैं। हर बार प्लास्टिक उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती है। ज्ञात हो कि भास्कर ने हाल ही में प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट में काम चौपट होने की लापरवाही को उजागर किया था। जबकि नपा 22 रुपए प्रति किलो के हिसाब से प्लास्टिक बेचकर कमाई कर सकती है।