सारनी। धरना स्थल पर हड़तालरत डॉ. मोदी का बीपी चेक करते डॉक्टर।
मनाने धरना स्थल पर पहुंची बेटी और बहू, नहीं माने मोदी
मोदी के बीमार होने की खबर के बाद परिजन चिंतित हैं। उनकी बेटी उषा असाटी और बहू पूजा मोदी शनिवार को दिन भर उनके साथ रहीं। खूब मनाने का प्रयास किया, लेकिन मोदी नहीं माने। धरना स्थल पर मोदी के लिए एक खटिया लगाई है। वे इस पर लेटे रहे। बेटी उषा ने बताया पिता के 88 वर्ष की उम्र में इस तरह का आंदोलन से उनका पूरा परिवार चिंतित है। मगर, वे मानने को तैयार नहीं है। शुरू से उनका स्वभाव इसी तरह क्रांतिकारी रहा है।
मोदी बोले अधिकारियों की टीम बनाकर कार्रवाई दिखाएं
कृष्णा मोदी की भूख हड़ताल से प्रशासनिक अधिकारी भी परेशान हैं। शनिवार रात 8 बजे एसडीएम शाहपुर श्रावण भंडारी, तहसीलदार अजय पांडे और टीआई महेंद्रसिंह चौहान मोदी के हाल जानने पहुंचे। यहां उनसे हड़ताल तोड़ने का आग्रह किया। मगर, श्री मोदी ने कहा खदान, प्लांट स्थापना और औद्योगिक क्षेत्र विकास के कागजात दिखाएं। नहीं तो डब्ल्यूसीएल, पावर जनरेटिंग कंपनी और जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम बनाकर उनसे रिपोर्ट तैयार कराएं। इसके बाद ही वे मानेंगे। डॉक्टरी रिपोर्ट उनके पक्ष में नहीं आने के कारण प्रशासन हरकत में आया है। रात को बैतूल और भोपाल से पहुंचे ओबीसी महासभा के लोगों ने भी हड़ताल को समर्थन दिया।
भाजपाई बोले 2 महीने में शुरू हो जाएगा काम
कृष्णा मोदी की हड़ताल और उसे लगातार मिल रहे जनसमर्थन से अब भाजपाइयों में तिलमिलाहट हो रही है। शनिवार को भाजपा के मंडल अध्यक्ष सुधा चंद्रा ने प्रेस नोट जारी कर यूनिट लगाने का दावा किया। अति उत्साह में जारी प्रेस नोट में मंडल अध्यक्ष ने लिख दिया आगामी दो महीने के भीतर 660 मेगावाट यूनिट का बिजली प्लांट लगाया जाएगा। जबकि प्लांट लगाने में दो महीने नहीं मंजूरी के बाद चार साल का समय लग जाएगा। उन्होंने बताया सीएम ने यूनिट लगाने का आश्वासन दिया है।