पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चुनावी आहट: जनता के चरणों में सरकार

चुनावी आहट: जनता के चरणों में सरकार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चुनावी साल आते ही प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान को भी लोगों को चरण पादुकाएं पहनाने के लिए झुकना पड़ रहा है। शुक्रवार को पुलिस ग्राउंड पर हुए तेंदुपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन में कुछ ऐसा ही नजारे देखने को मिला। उन्होंने एक बार फिर बहन, बेटी और भांजा-भांजी जैसे रिश्ते जोड़ते हुए भावात्मक भाषण दिया वहीं तेंदुपत्ता संग्राहक महिलाओं के पैरों में अपने हाथों से चप्पलें पहनाई। सीएम ने कहा लोग उनसे बोलते हैं दुबले-पतले हो राजनीति कैसे कर लेते हो, तो जवाब देते हैं उन्होंने कहा बहन-बेटियों के पैरों के पानी को सिर पर लगाकर ही उन्हें ताकत मिलती है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने भी भ्रष्टाचार को आड़े हाथों लेते हुए, जिले के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने और करोड़ों रुपए उपलब्ध होने की बात मंच से कही।

अल्पसंख्यक डरें नहीं अन्याय नहीं करेंगे

गड़करी बोले अल्पसंख्यक समुदाय के मन में कुछ लोग डर पैदा कर रहे हैं। लेकिन एक बात मैं स्पष्ट कर दूं कि भाजपा किसी के साथ भी अन्याय नहीं करेगी। कोई व्यक्ति उसकी जाति या धर्म नहीं गुणों से बड़ा होता है।

भोजन पैकेट नहीं मिलने पर लोगों ने हनुमान डोल और बडोरा में लगाया जाम

हनुमान डोल में भोजन वितरण स्थल पर भोजन के पैकेट नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम में आ रहे लोगों में आक्रोश भड़क गया। यहां पर बड़ी संख्या में जमा हुए लोगों ने 1 घंटे तक जाम लगाकर रखा। इसके बाद बमुश्किल ट्रैफिक चालू करवाया। बडोरा में भी जाम लगने के कारण लोगों को यहीं पर वाहनों से उतरना पड़ा। लोग चिलचिलाती गर्मी में 2 किलोमीटर पैदल चलकर पुलिस ग्राउंड तक पहुंचे।

सांसद की कलई खोली कहा आती ही नहीं हैं बजट मांगने

केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने मंच से सांसद ज्योति धुर्वे की कलई खोलते हुए कहा मेरे पास सड़क निर्माण के लिए राशि बहुत है। सांसद ज्योति धुर्वे पहले तो मेरे पास सड़क के लिए बजट मांगने आती थीं, लेकिन अब लंबे समय से वे दिखाई ही नहीं देतीं। वे कहती हैं मेरे क्षेत्र के सभी काम हो गए हैं। इस दौरान सांसद अपने स्थान पर खड़ी हो गईं और मुस्कुराकर हाथ जोड़कर केंद्रीय मंत्री गड़करी का अभिवादन करती रहीं।

बैतूल। तेंदुपत्ता संग्राहक महिला के पैर में चरणपादुका पहनाते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान।

सीएम बोले कोई पीछे नहीं आएगा मुझे छोड़ने, यहां रहो और सामान दो

सीएम वापस जाने के लिए चलने लगे तो सभी जनप्रतिनिधि और कलेक्टर शशांक मिश्र उनके पीछे आने लगे। इससे अव्यवस्था होने लगी। इस पर सीएम वापस मंच के माइक पर आए और बोले किसी को पीछे आने की जरूरत नहीं है, मैं चला जाऊंगा। यहां कार्यक्रम समाप्त होने तक लोगों को सामान देना सुनिश्चित करें।

मेरी खुद की शुगर मिलें, लेकिन घाटे में चल रही हैं

भाषण में नितिन गड़करी ने कहा दिल्ली में सरकार कोई भी हो किसानों के बारे में वैसा नहीं सोचती जैसा सोचना चाहिए। लेकिन मप्र में ऐसा नहीं है। मैं कई बार सीएम शिवराज सिंह चौहान से कहता हूं सब कुछ किसानों पर खर्च कर दोगे तो राज्य कैसे चलाओगे। गड़करी ने कहा उनकी स्वयं की शुगर मिलें हैं। पिछले कुछ समय से मिलें घाटे में चल रही हैं।

200 पंखे और 25 कूलर थे टेंट में, पानी की फुहारों से ठंडा करते रहे

1.50 लाख स्क्वेयर फीट में लगे टेंट में बैठे लोगों को ठंडा रखने के लिए पहली बार पानी की फुहारों वाले पाइप लगाए गए। हवा में झूलते इन पाइपों से निकलती पानी की फुहारें भीषण गर्मी में लोगों को रोके रखने के लिए लगाई थी। अत्याधुनिक टेंट में 200 पंखे, 25 कूलर और पानी फुहारों के पाइप लगाए थे।

ये घोषणाएं की मंच से

सीएम बोले गडकरी जी ने दो साल में प्रदेश को 1 लाख 2 हजार करोड़ रुपए सड़कों का जाल बिछाने के लिए दिए हैं।

सीएम बोले 2006 से पहले के जिनके पास पट्टे हैं वो जमीन हम उनको देंगे।

रहने के लिए हमारी सरकार पक्के मकान देगी। 2022 तक हर गरीब के पास पक्का मकान होगा ।

ढाई एकड़ से कम जमीन वाले गरीब को सरकारी योजनाओं का लाभ देंगे चाहे वो कोई भी समाज हो।

गरीब बहनें बेटा-बेटी को जन्म देंगी तो उसके खाते में 4 हजार रुपए मेरी सरकार देगी ताकि मेरे भांजा -भांजी तंदरुस्त रहे।

लोगों ने मुझे बताया बिजली का बिल बहुत आता है इसलिए हमने योजना बनाई की जो सीमित बिजली जलाएगा उसे केवल 200 रुपए बिल देना होगा।

गरीबों के इलाज की निशुल्क व्यवस्था हमने की है। एक्सीडेंट में मृत्यु होने पर 4 लाख रुपए और अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपए मेरी सरकार देगी।

दिव्यांग छात्र-छात्राओं को लेपटॉप दिए। इसके साथ प्रतिभावान स्टूडेंट्स को प्रोत्साहन राशि के चेक भी दिए।

खबरें और भी हैं...