शिक्षा विभाग और जनजातीय कल्याण विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षकों को तृतीय क्रमोन्नति का लाभ नहीं मिलने के विरोध में पेंशनर एसोसिएशन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष रामचरण साहू ने बताया जनजातीय कल्याण विभाग के शिक्षकों का चयन शिक्षा विभाग ने किया है।
शैक्षणिक व्यवस्था के लिए शिक्षक जनजातीय कल्याण विभाग में सेवारत रहे हैं। शासन के आदेश के तहत शिक्षा विभाग के शिक्षकों को प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्ण वेतनमान और तृतीय क्रमोन्नति का लाभ दिया जा रहा है। जनजातीय कल्याण विभाग के शिक्षक इन लाभों से वंचित हैं। उच्च न्यायालय जबलपुर से शिक्षकों के पक्ष में निर्णय पारित है। सहायक आयुक्त जनजातीय कल्याण विभाग ने जनजाति विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रकरणों को अमान्य कर दिया है। शिक्षकों ने समस्या के निराकरण की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में रामचरण साहू, विनोद कुमार मंगरूलकर, माखनलाल जीतपूरे, श्रीराम खांडवे, मुन्नालाल साहू, ताराचंद राजपूत, लीलाधर दहीवाले, ओंकारप्रसाद माथुरकर, मूलचंद नागले शामिल हैं।
नाई समाज को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने मालवीय सेन समाज ने सीएम को सौंपा ज्ञापन
बैतूल| अनुसूचित जाति की सूची में सेन समाज को शामिल करने और सैलून कामगारों को दिहाड़ी मजदूर का दर्जा दिए जाने को लेकर संत सेन महाराज मालवीय सेन समाज ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष लखनलाल मालवीय ने बताया मध्यप्रदेश विधानसभा में नाई जाति को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने का आश्वासन संकल्प प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद एक लंबा अरसा गुजर गया। नाई जाति अशासकीय संकल्प प्रस्ताव पर वैधानिक कार्रवाई का विगत 7 वर्षों इंतजार कर रही है। राज्य शासन स्तर पर इस मांग को पूरा किया जा सकता था इससे सरकार की मंशा पर ही सवाल उठने लगा है। नाई जाति में यह संकेत जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार नाई जाति की किसी भी मांग को गंभीरता से नहीं लेती है तथा नाई जाति को कुछ नहीं समझती है। मालवीय ने बताया कि सरकार द्वारा गठित केश शिल्पी बोर्ड से नाई जाति संतुष्ट नहीं है। नाई जाति के सदस्य आज भी ग्रामीण क्षेत्रों से आकर शहरों में फुटपाथ के किनारे सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण कर किसी तरह से अपना रोजगार चला रहे हैं।
सीएम को ज्ञापन सौंपकर मांगी पदोन्नति
मप्र शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शुक्रवार को सीएम को ज्ञापन देकर पदोन्नति की मांग की। संघ के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कनाठे, जिला सह संयोजक अशोक बोरखड़े ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 30 से 35 साल तक सेवा कर चुके शिक्षकों को पदोन्नति देने, सहायक शिक्षको को पदनाम और मिडिल स्कूल प्रभारी के रूप में वरिष्ठता देेने की मांग की है।