पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गोगामेड़ी क्षेत्र के अस्थाई बाजार में देवस्थान विभाग की मिलीभगत से संचालित हो रही है अवैध दुकानें, व्यापारियों को रहा है नुकसान

गोगामेड़ी क्षेत्र के अस्थाई बाजार में देवस्थान विभाग की मिलीभगत से संचालित हो रही है अवैध दुकानें, व्यापारियों को रहा है नुकसान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गोगामेड़ी मेला क्षेत्र के अस्थाई बाजार में देवस्थान विभाग के नाक के नीचे अवैध दुकानें चल रही हैं। बाजार के दुकानदारों द्वारा इन अवैध दुकानों को हटवाने की मांग किए जाने के बावजूद देवस्थान विभाग के आलाधिकारी गौर नहीं कर रहे। आलम यह है कि यह अवैध दुकाने गोगामेड़ी मेला क्षेत्र में देवस्थान विभाग की धर्मशाला के बिल्कुल सामने चल रही है। देवस्थान विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रोजाना इस धर्मशाला में आते-जाते हैं परंतु किसी की भी इन अवैध दुकानों पर नजर नहीं पड़ रही। उधर, मेला क्षेत्र के दुकानदारों ने इन अवैध दुकानों के संचालन में देवस्थान विभाग से मिलीभगत का आरोप लगाया है।

इन स्थानों पर संचालित हैं अवैध दुकानें : इस संबंध में दुकानदार विनोद स्वामी ने बताया कि गोगामेड़ी मेला के अस्थाई बाजार में कुम्हार कुंड के रास्ते पर, नेठराना बाजार में, स्टेशन की पक्की रोड व देवस्थान विभाग की धर्मशाला के बिल्कुल सामने अवैध दुकानें संचालित हो रही हैं। भास्कर टीम ने जाकर देखा तो वास्तव में वहां अवैध दुकानें संचालित हो रही थी।

अनदेखी

बार-बार देवस्थान विभाग से गुहार लगाने के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई, व्यापारियों का आरोप-

व्यापारी बोले-उच्चाधिकारियों को सब पता है फिर भी नहीं कर रहे कार्रवाई

गोगामेड़ी क्षेत्र के दुकानदार बार-बार दुकानें हटवाने की मांग कर चुके हैं परंतु कोई कार्यवाही नहीं हो रही। गत 28 अप्रैल को गोगामेड़ी पहुंचे देवस्थान विभाग के संयुक्त शासन सचिव करणीसिंह गोठवाल को गोगामेड़ी अस्थाई बाजार के दुकानदारों ने ज्ञापन सौंपकर अवगत करवाया था कि गोगामेड़ी मेला क्षेत्र में मेले के अलावा 11 माह के लिए अस्थाई बाजार बनाकर देवस्थान विभाग द्वारा दुकानों की बोली करवाकर बोलीदाता को छोड़ी जाती है परंतु बोली के बाद जो दुकानें बच जाती है उन्हें देवस्थान विभाग के कर्मचारी व मेला ठेकेदार मिलीभगत कर गोगामेड़ी के अस्थाई बाजार में चला रहे हैं जिससे बोली देकर दुकानें छुड़ाने वाले दुकानदारों के व्यवसाय पर बुरा प्रभाव पड़ता है।

पूरी जानकारी नहीं है, अवैध हैं तो कार्रवाई होगी

देवस्थान सहायक आयुक्त दीपिका मेघवाल ने भास्कर को बताया कि उनका अभी हनुमानगढ़ में देवस्थान सहायक आयुक्त पद पर हाल ही में नियुक्ति हुई है, उनको गोगामेड़ी मेले के अस्थाई बाजार में अवैध दुकानों के संचालन की पूरी जानकारी नहीं है, अगर अवैध दुकानें संचालित हो रही हैं तो शीघ्र ही वे अस्थाई दुकानदारों की शिकायत पर गौर करेगी एवं अवैध दुकानों को हटवाएंगी।

खबरें और भी हैं...