हनुमानगढ़| सरकारी चिकित्सा संस्थानों में अब फिर से मिनिलेप नसबंदी (हाथ का ऑप्रेशन) नियत सेवा दिवस आयोजित किए जाएंगे। सामान्य सर्जरी वाले यह ऑपरेशन अधिकतर निजी अस्पतालों में ही किए जाते थे, लेकिन तीन माह पूर्व जिले में लगाए गए मिनिलेप नसबंदी नियत सेवा दिवस के सफलतापूर्वक आयोजन के बाद अब संगरिया व भादरा सीएचसी में मिनिलेप नसबंदी नियत सेवा दिवस लगाए जाएंगे। एसीएमएचओ डॉ. योगेंद्र तनेजा ने बताया कि फरवरी व मार्च माह में जिले के तीन ब्लॉकों में मिनिलेप नसबंदी नियत सेवा दिवस आयोजित किए गए थे, जिनमें अनेक नसबंदी ऑपरेशन किए गए थे। इसी के चलते अब 28 मई को संगरिया सीएचसी व 4 जून को भादरा सीएचसी में भी मिनिलेप नसबंदी नियत सेवा दिवस आयोजित किए जाएंगे। डॉ. तनेजा ने बताया कि पूर्व में दो-दो बार सिजेरियन ऑपरेशन होने या लेप्रोस्कोपिक पद्धति से नसबंदी ऑपरेशन असफल होने पर मिनीलेप नसबंदी की जाती है। आईईसी कॉर्डिनेटर मनीष शर्मा ने बताया कि पहले ऑपरेशन प्राइवेट अस्पतालों में ही हो रहे थे और इस पर 10-15 हजार रुपए खर्च आता था। ऐसे केसों में अब राहत मिलेगी।