जमसं की सभा को संबोधित करते केडी पाण्डेय व अन्य।
भास्कर न्यूज|भगतडीह
विक्ट्री कोलियरी प्रबंधन मजदूरों के साथ तानाशाही रवैया अपना रही है। प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ जनता मजदूर संघ कुंती गुट जरूरत पड़ी तो आरपार की लड़ाई का एलान करेगी। उक्त बातें बस्ताकोला क्षेत्र की विक्ट्री कोलियरी दो नंबर पिट पर जमसं नेताओं ने सोमवार को आयोजित एक दिवसीय सभा के दौरान कहीं। सभा को संबोधित करते हुए केडी पांडेय ने कहा कि प्रबंधन अगर 15 सूत्री मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है, तो जनता मजदूर संघ आंदोलन को बाध्य होगी। उन्होंने 15 सूत्री मांगों पर चर्चा करते हुए कहा कि ट्रालीमानों को 117 रुपए बेसिक जुड़कर एसपीआरए का भुगतान करना होगा। एरियर का भुगतान जल्द-से-जल्द किया जाए, प्रबंधन द्वारा सीक बंद करने, डीपीसी का रिजल्ट नहीं प्रकाशित करने, आवासों की मरम्मत, कार्य के अनुसार पदनाम, मजदूरों की सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों पर विस्तार पूर्वक संबोधन किया। इस दौरान मजदूरों ने जमकर प्रबंधन विरोधी नारे लगाए। वहीं जमसं के वरीय नेता योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मजदूरों को अपने हक के लिए लड़ाई में आगे आना होगा।