आधे घंटे देरी से डॉक्टर व तीन घंटे बाद पहुंचा लैब टेक्नीशियन
भग्यापुर | प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। सुबह 11 बजे महिलाएं पहुंच गई, लेकिन डॉक्टर आधे घंटे बाद आए। जांच के लिए लेब टेक्नीशियन का 3 घंटे इंतजार करना पड़ा। वहीं फार्मासिस्ट के अभाव में ड्रेसर ने दवाइयां बांटी। शिविर में सुबह 11.30 बजे पहुंचे मोहना के मेडिकल ऑफिसर डॉ. भूपेंद्र मंडलोई ने महिलाओं का ब्लड प्रेशर चेक कर शुगर, एचआईवी, हिमोग्लोबिन, यूरीन आदि जांचें लिखी। लेकिन लेब टेक्नीशियन पूर्णिमा परमार के छुट्टी पर होने से महिलाएं परेशान होती रही। 3 घंटे बाद देवला से लेब टेक्नीशियन आशाराम मोरे को बुलवाया गया। तब जाकर जांचें हुई। मरीजों को दवाई-गोली वितरण करने वाले फार्मासिस्ट संतोष शर्मा के भी अवकाश पर होने से ड्रेसर अशोक मोदी ने यह काम किया। बीएमओ डॉ. चेतन कलमे ने कहा लेब टेक्नीशियन व फार्मासिस्ट छुट्टी पर थे। देवला से लेब टेक्नीशियन को बुलवाया गया। आगे कोई समस्या नहीं होगी।