होटल की छत से घुसा बदमाश, 10 हजार रुपए की चिल्लर चुरा ले गया
भगवानपुरा | बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा होटल से बुधवार-गुरुवार की रात अज्ञात बदमाश 10 हजार रुपए की चिल्लर चुरा ले गया। होटल व्यापारी ने बताया रात 10 बजे होटल पर ताला लगाकर घर चला गया था। सुबह 5 बजे वापस आया तो काउंटर का सामान बिखरा पड़ा था। ड्राज खुली पड़ी थी और उसमें रखे 8 हजार रुपए के 5 के सिक्के व 2 हजार रुपए के एक-दो के सिक्के गायब थे। दुकान के पीछे के दरवाजे के नीचे का हिस्सा टूटा था। छत के दरवाजे की चटकनी भी उखड़ी टूटी हुई थी। संभवत: अज्ञात बदमाश छत के ऊपर के दरवाजे का नकुचा तोड़कर दुकान में घुसा होगा। दुकान में रखे अन्य सामान को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। शिकायत पर पुलिस ने मौका देखकर रिपोर्ट दर्ज की।