हादसों को न्योता देती सुनारी-भगवतगढ़ की अधूरी सड़क, विधायक से मिले लोग
विधायक को समस्या बताते मंडल अध्यक्ष एवं प्रतिनिधिमंडल।
भास्कर न्यूज| भगवतगढ़
सूरवाल-भगवतगढ़ मुख्य सड़क से ग्राम पंचायत सुनारी को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य 2 माह से भी अधिक समय से बंद होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अशोक राज मीणा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को विधायक दीया कुमारी से जयपुर कार्यालय मिलकर जल्द सड़क निर्माण कराने की की मांग रखते हुए कार्य को पूरा करवाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण कराने के लिए सार्वजनिक विभाग ने ठेकेदार को ठेका दे रखा है। ठेकेदार द्वारा पुरानी सड़क को उखाड़कर नई सड़क का निर्माण कार्य जनवरी माह में शुरू किया था। करीब 4 किलोमीटर लंबी सड़क कार्य को अधूरा छोड़कर ठेकेदार द्वारा कार्य पूरा नहीं किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि इस मार्ग पर ठेकेदार ने निर्माण के नाम पर गिट्टी डालकर छोड़ देने से लोगों एवं वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही दुपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। मंडल अध्यक्ष ने विधायक से जल्द सड़क का कार्य शुरू कराने की मांग की है।
भगवतगढ़. सुनारी की अधूरी एवं उखड़ी पड़ी सड़क।