झालावाड़ रोड पर बिना अनुमति किया ट्यूबवेल खनन, एसडीएम से शिकायत
ट्यूबवेल खनन पर प्रतिबंध के बावजूद बिना अनुमति झालावाड़ रोड पर एक दुकानदार द्वारा गुरुवार रात 12 बजे बाद सड़क पर ट्यूबवेल खनन करवाया जा रहा था। आस-पास के लोगों ने डायल-100 पर शिकायत करने के साथ अधिकारियों को भी फोन लगाए लेकिन कहीं बात नहीं हो पाई। हालांकि डायल-100 तो आ गई और उस समय काम रुकवाकर चली गई। उसके जाते ही फिर से खनन शुरू हो गया और अलसुबह तक पूरा कार्य कर कर्मचारी मशीन लेकर रवाना हो गए। सुबह जब एसडीएम आरपी वर्मा से चर्चा हुई तो उनका कहना था, अनुमति नहीं दी, दिखवाता हूं।
गुरुवार देररात एक तरफ लोटखेड़ी रोड पर वैन में आग लगने की घटना हुई और दूसरी तरफ प्रतिबंध के बावजूद ट्यूबवेल खनन हो रहा था। झालावाड रोड निवासी पीयूष ठई ने बताया झालावाड़ रोड मनोहर होटल के सामने गौरव कथुरिया द्वारा ट्यूबवेल खनन करवाया जा रहा था। प्रतिबंध और रात में खनन होने के कारण डायल-100 पर शिकायत की थी। डायल-100वाले भी कुछ देर बाद चले गए और उनके जाते ही फिर से काम शुरू हो गया। सुबह 5 बजे तक खनन करने के साथ केसिंग आदि डालकर मशीन चली गई। इस दौरान अधिकारियों को भी फोन लगाया, लेकिन किसी से चर्चा नहीं हो पाई। इस बारे में जब शुक्रवार को तहसीलदार नारायण नांदेड से चर्चा की तो उनका कहना था चेक करवाता हूं। यदि ट्यूबवेल में पानी होगा तो नगर परिषद के हवाले करेंगे नहीं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इस बारे में नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ शंभुलाल शर्मा ने बताया संबंधित को सूचना-पत्र जारी कर जवाब मांगा है। गौरव कथुरिया का कहना है कि उन्होंने तो सार्वजनिक उपयोग के लिए खुदवाया है।
झालावाड़ रोड पर बिना अनुमति के हो रहा ट्यूबवेल खनन।