- Hindi News
- National
- ड्राइवर, गार्ड, टीटीई, स्टेशन मास्टर, वेंडर और कुली तक महिलाएं ही रहेंगी ट्रेन में
ड्राइवर, गार्ड, टीटीई, स्टेशन मास्टर, वेंडर और कुली तक महिलाएं ही रहेंगी ट्रेन में
भानुप्रतापपुर से गुदुम के बीच शनिवार को जिस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, उस ट्रेन का परिचालन पूरी तरह से महिलाओं के हाथ में होगा। रेलवे प्रशासन महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए रायपुर मंडल में पहली बार यह प्रयोग कर रहा है। ट्रेन के ड्राइवर से लेकर गार्ड, टीटीई, स्टेशन मास्टर, वेंडर और कुली तक महिलाएं ही रहेंगी। इसके लिए रायपुर डिविजन के अलग अलग रेल्वे स्टेशनों में पदस्थ महिला कर्मचारियों की ड्यूटी 14 अप्रैल को भानुप्रतापपुर रेल्वे स्टेशन में लगाई गई है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल द्वारा 14 अप्रैल को भानुप्रतापपुर के नवनिर्मित रेल लाईन व स्टेशन का लोकार्पण किया जाएगा। इस दिन शुरू हो रही ट्रेन में लोको पायलट, गार्ड, टीटी, टिकट वितरण क्लर्क, पोर्टल समेत स्टेशन सुपरिटेडेंट का कार्य महिला कर्मचारियों द्वारा संभाला जाएगा। महिला सशक्तिकरण की मिसाल देते 1 फरवरी 2016 को दल्ली राजहरा से गुदुम तक ट्रेन का परिचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किया गया था। महिला कर्मचारियों के साहसिक कार्य के जज्बे को देखते रेल विभाग ने यह फैसला लिया है। भानुप्रतापपुर से पहले दिन दुर्ग के लिए रवाना होने वाली रेल का पूरा संचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ की पहली लोको पायलट प्रतिभा बंसोड़ चलाएगी ट्रेन।
छग की पहली महिला लोको पायलट चलाएगी ट्रेन
भानुप्रतापपुर से दुर्ग जाने वाली पहली ट्रेन का परिचालन छत्तीसगढ़ की पहली लोको पायलट प्रतिभा बंसोड़ द्वारा किया जाएगा। प्रतिभा बंसोड़ अगस्त 1999 से भारतीय रेलवे में अपनी सेवाएं दे रही है। इन्हें छत्तीसगढ़ की प्रथम सहायक महिला लोको पायलट होने का गौरव प्राप्त है।
इस भूमिका में होंगी यह महिला कर्मचारी
स्टेशन सुपरिटेडेंट- एस ललिता
लोको पायलट- प्रतिभा बंसोड़
टीटी- राजश्री बासवे
पोर्टर- राजकुमारी पांडे
टिकट वितरण- मीना पांडे
गार्ड- नेहा कुमारी