बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड रायपुर द्वारा हाहालद्दी माइंस से रायपुर स्थित फैक्ट्री तक परिवहन भाड़ा में 50 और 60 रुपए कटौती करने के प्रस्ताव को परिवहन संघ के ट्रक मालिक नहीं माने तो कंपनी ने लौह अयस्क परिवहन कार्य ही बंद कर दिया। परिवहन कार्य बंद करने से आक्रोशित ट्रक मालिक बजरंग कंपनी के रेक परिवहन कार्य ठप करने सड़क पर उतर गए हैं। प्रशासन ने ट्रक मालिकों को मनाने दुर्गुकोंदल थाने में चर्चा के लिए बुलाया। इसमें तहसीलदार अरुणिमा एस कुमार टोप्पो व एसडीएओपी अमोलक सिंह ठिल्लो द्वारा ट्रक मालिकों को विरोध नहीं करते हुए परिवहन जारी रहने देने की बात कही, लेकिन ट्रक मालिक नहीं माने।
ट्रक मालिकों का कहना है परिवहन भाड़ा का दर पुलिस और प्रशासन के माध्यम फैसला हो इसके लिए कलेक्टर, एसपी, एसडीओपी, एसडीएम को आवेदन दिए हैं, लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के बीच समझौता हो इसके लिए कोई कार्यवाही नहीं की। इसके कारण हाहालद्दी से रायपुर तक ट्रक से परिवहन कार्य तीन दिनों से बंद है।
परिवहन संघ दुर्गूकोंदल अध्यक्ष श्रीराम बघेल ने कहा कंपनी माइंस के लिए ग्राम पंचायत के एनओसी मिलने तक हाथ पांव जोड़कर स्थानीय लोगों के हित के लिए कार्य करने की कई लुभावने आश्वासन देती रही, लेकिन लीज के अलावा खनन, परिवहन कार्य के लिए अनुमति मिलते ही वादों से मुकर रही है। हाहालद्दी खदान के भरोसे क्षेत्र के लोग ट्रक लिए हैं। अब कंपनी परिवहन भाड़ा कटौती कर ट्रक मालिकों परेशान कर रही है।
हम कंपनी की मनमानी नहीं चलने देंगे। ट्रक मालिक कमलसिंह कोर्राम, बिरेन्द्र ठाकुर, घनश्याम सिन्हा, सुमन नाग, हेमंत नाग, रमेश गावड़े, आयनुराम धु्रव, फूलचंद सिन्हा, शकुंतला नरेटी ने कहा पिछले वर्ष कंपनी के साथ संघ के पदाधिकारियों की करार हुआ था कि कंपनी घाटे में है, लोहे दर मार्केट में कम होने से कंपनी के प्रबंधक, महाप्रबंधक ने परिवहन भाड़ा में दुर्गूकोंदल से तिल्दा प्लांट तक 851 में 45 रुपए में कम और दुर्गूकोंदल से उरला रायपुर तक 733 में 25 रुपए कम किया था। दो साल तक इस समझौते में कोई छेडछाड़ नहीं करने की बात कही थी और लोहे की दर मार्केट में बढ़ने पर एक साल के भीतर दर बढ़ाने के आश्वासन दिया था। वर्तमान में लोहे के दर प्रतिकिलो 52 रुपए से अधिक होने बाद भी घाटा होने की बात कहकर उरला का 50 रुपए और तिल्दा 60 रुपए कम करना चाहती है। जब बात नहीं तो कंपनी ने पिछले तीन दिनों से ट्रक से परिवहन कार्य बंद कर दिया है। इससे ट्रक मालिकोंं में आक्रोश है। उन्होंने कहा जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी तब तक कंपनी को खदान से रेलवे रेक पाइंट तक परिवहन कार्य करने नहीं देंगे। विरोध प्रदर्शन में महेंद्र नाग, राजकिशोर पारख, शशीकला नरेटी, शनिराम दुग्गा, राकेश जैन, शांतिलाल जैन, शिशिर ठाकुर, विजय पटेल, संजय सोनी शामिल हैं।
दुर्गूकोंदल. ट्रक मालिकों को समझाने थाने में की गई चर्चा।
तीनों परिवहन संघ ने बैठक कर विरोध जारी रखने का लिया फैसला।
परिवहन संघ की हुई बैठक
ग्राम हाहालद्दी में परिवहन संघ दुर्गूकोंदल, पखांजूर और भानुप्रतापपुर के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें कंपनी द्वारा परिवहन भाड़ा कटौती में सहमत नहीं होने और वर्तमान भाड़ा यथावत रखने की हमारी मांग जब तक पूरी नहीं होगी, तब तक हाईवा वाहनों को रेक पाइंट तक परिवहन करने का विरोध जारी रखने की बात कही गई। तीनों परिवहन संघ मिलकर कंपनी से लड़ने का फैसला लिया। बैठक में दुर्गूकोंदल परिवहन संघ अध्यक्ष श्रीराम बघेल, भानुप्रतापपुर परिवहन संघ संचालन समिति अध्यक्ष निखिलसिंह राठौर, पखांजूर परिवहन संघ अध्यक्ष सुब्रत मजूमदार आदि उपस्थित थे।