समझाने के बाद भी नशे में चालक चलाता रहा वाहन, कार से भिड़ा
कांकेर/दुर्गूकोंदल/भानुप्रतापपुर
दुर्गूकोंदल के निकट हाहालद्दी में गुरूवार रात 8 बजे कमांडर जीप व कार में हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। ये दोनों मृतक कमांडर वाहन में सवार थे। हादसे में कुल 15 घायलों में चार को बाहर रेफर किया गया है। इनमें से एक स्थिति नाजुक बनी हुई है। साहू समाज द्वारा 12 अप्रैल को पखांजूर में आयोजित कर्मा जयंती में भीरागांव से कुछ लोग शामिल होने गए थे। यहां रात में लौटने के दौरा यह हादसा हुआ।
पखांजूर भानुप्रतापपुर मार्ग में बंजारी देवी मंदिर के निकट विपरीत दिशा से आ रही कार से कमांडर टकरा गई। कमांडर में चालक समेत 15 लोग सवार थे। कमांडर में सवार युवती रागिनी साहू 22वर्ष तथा सुरेंद्र साहू 35 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। ये दोनों भानुप्रतापपुर के निकट भीरागांव के रहने वाले थे। हादसे में कमांडर में सवार 12 तथा कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कमांडर के चालक को गिरफ्तार कर लिया। बीती रात हाहालद्दी में बंजारी मंदिर के सामने हुए सड़क हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कमांडर चालक ने काफी शराब पी रखी थी। वाहन लापरवाही पूर्वक काफी तेज रफ्तार से चला रहा था। कमांडर में सवार सभी लोग उसे बार बार समझाईश दे रहे थे कि वाहन धीरे चलाओ लेकिन वह नहीं माना। हादसे में दो की मौत के बाद जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तब उसे अपनी गलती का एहसास हुआ।
पखांजूर से कर्मा जयंती मना गुरूवार शाम साहू समाज के लोग अपने घर भीरागांव के लिए कमांडर से रवाना हुए थे। वाहन उमेश साहू चला रहा था। वाहन में कार्यक्रम को लेकर चर्चा हो रही थी। इसी बीच उसमें बैठे लोगों को एहसास हुआ चालक नशे में है और लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा है। बार-बार उसे समझाईश दी गई लेकिन वह नहीं माना। रात 8 बजे मंदिर के निकट पूजा करने रूक रही कार को टक्कर मारते उस पर कमांडर का पहिया चढ़ा दिया जिससे कमांडर पलट गई। बीच की सीट पर बैठी युवती रागिनी साहू 22 वर्ष पिता रमेश निवासी भीरागांव तथा सुरेंद्र साहू 35 वर्ष पिता सखन मालापारा वाहन से गिर गए और उनका सिर उसमें दब गया। दोनों को मौके पर मौत हो गई। कमांडर में सवार जगदीश साहू, अकेश साहू, सुहान साहू, रंजीत साहू, टिकेश साहू, दशोदा साहू, पूनम साहू, टिकेश्वरी साहू, फुलसिंह साहू, कुनाल साहू, शिवकुमार साहू, अकबर साहू तथा कार में सवार पखांजूर के अभय, जयचंद व चालक देवाशीष सरकार घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अभय सेन, सुहान व रंजीत को रायपुर रेफर किया गया। जगदीश साहू का इलाज धमतरी में चल रहा है। अन्य घायलों का इलाज भानुप्रतापपुर व दुर्गूकोंदल में चल रहा है। एएसआई भुजबल साहू ने बताया कमांडर वाहन के दस्तावेज नहीं मिले हैं। जांच की जा रही है। हादसे के बाद चालक को अपनी गलती का एहसास हुआ है। उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पखांजूर के भीरागांव से लौट रही कमांडर का एक्सीडेंट, 2 की मौत 15 घायल, कर्मा जयंती में शामिल होने गए थे साहू समाज के लोग
कांकेर/दुर्गूकोंदल/भानुप्रतापपुर. सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कमांडर वाहन।
चालक के पास वाहन के नहीं हैं दस्तावेज
कमांडर वाहन को चला रहा उमेश साहू को ही उसका मालिक बताया जा रहा है। कमांडर वाहन क्रमांक सीजी 04 टी 1647 का ऑनलाइन रिकार्ड में उसके मालिक का नाम दिनेश साहू पिता रामचरण दर्ज है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उससे वाहन के दस्तावेज मांगे तो वह उपलब्ध नहीं करा सका। पुलिस इसकी जांच कर रही है।