10 घंटे तक ठप रही नमक कटरा के 500 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति
भरतपुर| शहर के नमक कटरा क्षेत्र में बुधवार को सीवरेज लाइन के लिए खुदाई के दौरान बिजली की भूमिगत केबल दो जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके कारण इस क्षेत्र के 4 ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई तथा इनसे कनेक्शन वाले करीब 500 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति 10 घंटे तक गुल रही। सुबह करीब 11 बजे सीवरेज लाइन के लिए की जा रही खुदाई के दौरान एक ही बिजली केबल दो जगह से क्षतिग्रस्त हुई।
इसके साथ ही नमक कटरा क्षेत्र के धोवी मोहल्ला सहित आस पास के इलाकों की बिजली गुल हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण इस क्षेत्र में रहने वाले करीब 3000 लोगों को न केवल दिन के समय भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा, अपितु रात्रि समय 9 बजे तक अंधकार से जूझना पड़ा। वहीं बिजली आधारित व्यवसाय करने वाले लोगों का धंधा लगभग ठप ही रहा।