ट्रैक पार कर सचिन पायलट का स्वागत
भरतपुर | फ्रंटियर मेल से गंगापुर सिटी जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट का यहां भरतपुर जंक्शन पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। लेकिन, अति उत्साह में आए कई कार्यकर्ताओं ने पटरी पार करके रेलवे नियमों का उल्लंघन भी किया। वे फुट ओवर ब्रिज का उपयोग करने के बजाय पटरियां पार करके प्लेट फार्म एक से तीन पर पहुंच गए। हालांकि इस मौके पर रेलवे कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश भी नहीं की। पायलट सुबह 10.30 बजे जब फ्रंटियर मेल से भरतपुर पहुंचे तो कांग्रेसियों ने जंक्शन पर उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया और उनके समर्थन में नारे लगाए।
इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष पायलट ने कहा कि आतंकवाद और आतंकवादी का कोई धर्म नहीं होता। जो भी लोग इंसानियत के खिलाफ हैं, पूरे देश को एकजुट होकर उनका विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। बैंकों में कैश तक नहीं है। भाजपा सरकार को चाहिए कि जो मुद्दे देश के सामने हैं पहले उनका निराकरण करें। आरोप-प्रत्यारोप से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश नहीं करें। पायलट ने वसुंधरा राजे सरकार को दलित विरोधी भी बताया। साथ ही देश में हो रही बलात्कार की घटनाओं को घिनौना बताते हुए आरोपियों और उनकी मदद करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की।