थाने पर बाल डेस्क नहीं होने पर जताई नाराजगी
रुदावल | बाल कल्याण समिति भरतपुर की अध्यक्ष सरोज लोहिया ने समिति सदस्यों के साथ मंगलवार दोपहर पुलिस थाने पर पहुंचकर नाबालिगों की सुरक्षा से संबंधित मामलों की जानकारी ली। थाने पर बाल डेस्क नहीं मिलने पर लोहिया ने नाराजगी जताते हुए पुलिस अधिकारियों से बच्चों की सुरक्षा, बाल अधिकारों व नियमों की पालना करने निर्देश दिए। बाल कल्याण समिति ने बाल डेस्क प्रभारी को भविष्य में अलग से रजिस्टर संधारण के निर्देश दिए। इस मौके पर समिति सदस्य नरेश चन्द सिंघल व सुंदरसिंह भी मौजूद थे।