भरतपुर | ग्वालियर से चलने वाली आगरा फोर्ट-अहमदाबाद ट्रेन में एलएचवी रैक लगाया जाएगा। रेलवे के अनुसार ट्रेन को ग्वालियर तक नए एलएचवी रैक के साथ चलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नए रैक आने में एक से दो माह का समय लग सकता है। इसके बाद ही ट्रेन का टाइम टेबल जल्द तय होगा और तिथि की घोषणा की जाएगी। एलएचवी रैक मेंं ट्रेन चलते समय यात्री को तेज आवाज का आभास नहीं होगा। क्योंकि कोच स्टेनलैस स्टील के होने और इंटीरियर एल्युमीनियम होने से कोच हल्के होते हैं। कोच के बीच में सीबीसी कपलिंग रहेगी। ट्रेन स्टेशन पर रुकने पर टॉयलेट के गेट बंद हो जाएंगे। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य अरविंदपाल सिंह ने बताया कि इस ट्रेन को 24 कोच की चलाने की योजना रेलवे ने बनाई है। इसमें जनरल कोच बढ़ाए जाएंगे। साथ ही इसमें दिन में स्लीपर क्लास में सिटिंग के रिजर्वेशन की व्यवस्था की रहेगी। इस संबंध में पिछले दिनों आगरा में जीएम के साथ हुई बैठक में तय हो चुका है। यह ट्रेन बुधवार, शनिवार, रविवार को ग्वालियर से चलाई जाएगी, जबकि अहमदाबाद से मंगलवार, शुक्रवार आैर शनिवार को ग्वालियर आएगी। भरतपुर के टाइम टेबल का इस पर कोई असर नहीं आएगा। फिलहाल यह ट्रेन अहमदाबाद, मेहसाना, पालनपुर,अाबू रोड, फलना, मारवर, बीवर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, अचनेरा, आगराफोर्ट तक चलती है। इस ट्रेन के रूट में आगरा कैंट, धौलपुर व ग्वालियर स्टापेज बढ़ जाएगा।