जीएसटी की साइट पर जीएसटीआर-3 बी की रिटर्न अपलोड करने में व्यापारियों को आई दिक्कतों को देखते हुए कौंसिल ने रिटर्न भरने की अंतिम तिथि 2 दिन बढ़ा दी है।
अब जीएसटीआर-3 बी बिना विलंब शुल्क के 22 मई तक दाखिल किया जा सकेगा। इससे करीब 12 हजार व्यापारियों को राहत मिली है। ज्ञात रहे कि जीएसटीआर-3 बी में व्यापारियों को अप्रैल महीने की खरीद-बिक्री के टैक्स की डिटेल भरनी थी। सीए विनय गर्ग ने बताया कि कई दिन से जीएसटी की साइट स्लो चल रही थी तथा रिटर्न अपलोड होने में काफी परेशानी आ रही थी। इस कारण जीएसटी कौंसिल ने शनिवार को 22 मई तक का समय बढ़ा दिया है। साइट प्रोपर काम करे इसके भी प्रयास हो रहे हैं। इधर, शनिवार को रात 12 बजे बाद प्रदेश में इंट्रा स्टेट ई वे बिल लागू हो गया।
यानी अब व्यापारियों को 50 हजार या इससे अधिक राशि का माल प्रदेश में भी भेजने पर ईवे बिल साथ लगाना होगा। अन्यथा वाणिज्यकर विभाग माल को सीज करने तथा पेनाल्टी लगा सकता है। चूंकि भरतपुर में तेल और स्टोन का व्यवसाय होता है, जिसमें ज्यादातर बाहर माल जाता है। इसलिए व्यापारियों के लिए ईवे बिल लगभग अनिवार्य सा हो गया है।