भरतपुर। उदयपुर के वीएसपीसी महाविद्यालय में 14 से 16 मई तक हुई 36 वीं जूनियर राज्य स्तरीय सॉफ्टबाल प्रतियोगिता में भरतपुर के खिलाड़ियों ने दोहरे खिताब जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में बालक वर्ग ने फाइनल मैच में 5-00 होम रन से जोधपुर को हराकर विजेता का खिताब जीता, वहीं बालिका वर्ग ने फाइनल मैच में बीकानेर को 5- 4 होम रन से हराकर जीत का परचम फहराया। इस मौके पर कोच अभिषेक पंवार सहित सॉफ्टबाल संघ के अध्यक्ष केपी सिंह, सचिव राजवीर सिंह आदि ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया।