जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रथम रामकेश मीणा ने जिले के समस्त निजी विद्यालय संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्रीष्मकालीन अवकाश दिवसों में अपने विद्यालयों का संचालन नहीं करें। शिक्षा अधिकारी रामकेश मीणा ने बताया कि उन्हें अभिभावकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि अधिकांश निजी विद्यालय अवकाश के बावजूद भी विद्यालयों का संचालन कर रहे हैं। वाहनों के माध्यम से बच्चों स्कूल लाया एवं वापस घर छोड़ा जाता है। अवकाश के दौरान यदि कोई हादसा होता है तो ऐसे में विद्यालय संचालक ही पूरी तरह से जिम्मेदार माना जाएगा। इधर शिक्षा अधिकारी ने अवकाश दिवस में चलने वाले स्कूलों की जांच के लिए कमेटी का गठन करने की कार्यवाही की है। उन्होंने बताया कि जांच में टीम को यदि कोई विद्यालय अवकाश दिवस में संचालित होता पाया गया तो उस विद्यालय की मान्यता निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी। वहीं अभिभावकों से आव्हान किया है कि यदि कोई निजी विद्यालय अवकाश दिवस में आपके बच्चों को स्कूल आने के लिए फोर्स करता है तो वे उसकी सूचना विभाग को दे सकते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रथम रामकेश मीणा ने बताया कि निजी विद्यालय संचालकों द्वारा अवकाश के दिनों में बच्चों को विद्यालय में बुलाया जाता है।