- Hindi News
- National
- जगदगुरु वल्लभाचार्य को कट्टे की बट से पीटा, महाप्रभु की प्रतिमा, नकदी व कार लूटी, आधी रात को जंगल में छोड़ भागे
जगदगुरु वल्लभाचार्य को कट्टे की बट से पीटा, महाप्रभु की प्रतिमा, नकदी व कार लूटी, आधी रात को जंगल में छोड़ भागे
वल्लभ संप्रदाय के पंचम पीठाधीश्वर जगदगुरु वल्लभाचार्य के दिल्ली से कामां आते समय जुरहरा थाना इलाके में लूटपाट हो गई। कार सवार 5 बदमाशों ने आधी रात उन्हें जंगल में छोड़ दिया और उनकी गाड़ी, 350 साल पुरानी प्रतिमा, 2.11 लाख रुपए, मोबाइल, सोने की चैन-अंगूठियां लेकर फरार हो गए। घटना के वक्त जब जगदगुरु ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने हवाई फायर करने के साथ ही उनसे मारपीट की।
गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान उनका ड्राइवर बुरी तरह जख्मी हो गया है। इस घटना से कामां क्षेत्र के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। दुर्लभ मूर्ति वापस नहीं आने तक परंपरा के मुताबिक मंदिर के पट आम लोगों के लिए बंद कर दिए गए हैं। हालांकि मंदिर में पूजा-अर्चना पहले की तरह जारी है। इस बीच पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश देकर 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। कामां के जुरहरा क्षेत्र में पिछले 3 साल के दौरान लूट की यह चौथी घटना है। वल्लभाचार्य के ड्राइवर कामां निवासी राधाचरण गुर्जर की ओर से इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इस तरह पहली बार बंद हुआ मंदिर
इसलिए नहीं खुल रहे मंदिर के पट
दरअसल, करीब 350 साल पुरानी महाप्रभु की काष्ठ प्रतिमा उनका स्वरूप है। ऐसी मान्यता है कि जब वल्लभाचार्य महाप्रभु के किसी मंदिर में जाते हैं तो इस प्रतिमा का भी होना जरूरी है। क्योंकि यह माना जाता है कि महाप्रभु स्वयं अपने घर पधारे हैं। उनके आने पर ही आम जन के लिए दर्शनार्थ मंदिर के पट खुलते हैं। इसके साथ ही प्रतिमा मंदिर में विराजमान होती है। कामां के गोकुल चंद्रमा मंदिर के पट भी इसलिए बंद हैं। करीब 350 साल पुरानी इस प्रतिमा के मंदिर नहीं पहुंचने की वजह से लोग सुबह मंगला दर्शन भी नहीं कर पाए। दिन में 6 बार दर्शन होते हैं।
जानिये, लूट की कहानी, वल्लभाचार्य की जुबानी, बोले बदमाशों को सामने आने पर पहचान लूंगा
मैं छत्तीसगढ़ के चंपारण में 12 अप्रैल को वल्लभाचार्य प्राकट्य उत्सव में भाग लेने रायपुर गया था। वहां से दिल्ली एयरपोर्ट पर सोमवार रात को पहुंचा। ड्राइवर राधाचरण और सैक्रेटरी दीपक मुझे लेने एयरपोर्ट पर आए थे। उनके साथ मैं कामां आ रहा था। जुरहरा तक दो गाडिय़ां चल रही थी, लेकिन एक गाड़ी जुरहरा रुक गई। जुरहरा निकलने के बाद पीछे से सफेद रंग की एक कार तेजी से आगे आई और हमारी गाड़ी को रोक लिया। उन्होंने ड्राइवर साइड की खिड़की का कांच तोड़कर ड्राइवर को बाहर खींच लिया। उसे मारने-पीटने लगे तो बचाने के लिए मैं भी गाड़ी से नीचे उतरा। मैंने पूछा क्या बात है तो उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट करके भागा है। जब मैंने कहा कि ऐसा तो नहीं हुआ है। तभी एक व्यक्ति ने ड्राइवर के ऊपर कट्टा तान दिया। ये देख मैंने उस व्यक्ति का हाथ पकड़ लिया। इस दौरान कट्टे से हवाई फायर हो गया। इस पर गुस्से में बदमाश ने कट्टे का बट मेरे कंधे पर मारा। इसके बाद बदमाशों ने दीपक के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने मेरे हाथ में पहने हुए सोने के कड़े, गले में जनेऊ से बंधी हुई सोने की तीन अंगूठी, सोने चेन में लगा महालक्ष्मी यंत्र व 2 लाख 11 हजार रुपए लूट लिए। ये रुपए चंपारण में सेवा के रूप में भक्तों से मिले थे। मैं यह राशि मंदिर खर्च और स्टाफ की पगार के लिए लेकर आ रहा था। बैग में 350 साल पुरानी महाप्रभु की मूर्ति थी, जिसे भी लूट ले गए। मैंने मना किया भाई जो कुछ ले जाना है ले जाओ, लेकिन मेरे महाप्रभु की मूर्ति को छोड़ जाओ। परंतु वह नहीं माने। उसके बाद हम गाड़ी में बैठ गए। वारदात करने वालों में से एक व्यक्ति गाड़ी को थोड़ी दूर तक लेकर आया और जंगल में छोड़कर हमारी गाड़ी लेकर भाग गया। वारदात करने वाले 20-22 साल की उम्र के थे, जो जींस-टीशर्ट पहने थे और मेव थे। किसी ने नकाब नहीं पहन रखा था। सामने आने पर दो लोगों को तो पहचान भी सकता हूं।
जैसा कि उन्होंने ने भास्कर
संवाददाता को बताया।
ये लूटा... 2.11 लाख रुपए, 25 तोले की चेन-अंगूठी और कड़े भी ले गए
पुलिस ने 6 संदिग्ध लोगों को लिया हिरासत में
पुलिस ने सीकरी, कामां, पहाड़ी, जुरहरा, गोपालगढ़ थाना इलाके के गांव कावान का वास, विक्टी और भीनलका समेत कई गांवों में दबिश देकर 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। डीग एएसपी सुरेंद्र कविया ने बताया कि ड्राइवर के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है।
वल्लाभाचार्य बोले : मुझे बस महाप्रभु की प्रतिमा ही वापस दिलवा दीजिए
तीन दिन चलने वाले आचार्य तिलक कार्यक्रम में शामिल होने आए जगदगुरु
कामां के मदन मोहन जी मंदिर में वल्लभ संप्रदाय की सप्तम पीठ है। इसके वल्लभाचार्य घनश्याम लाल जी का दिसंबर, 2017 में उनका देहावसान हो गया था। अब उनके स्थान पर ज्येष्ठ पुत्र बृजेश कुमार का आचार्य तिलक होना है। इसके लिए मुहूर्त के मुताबिक 18 से 20 अप्रैल तक तीन दिन कार्यक्रम चलेंगे। इनमें देशभर से संप्रदाय के श्रद्धालु काफी संख्या में आ रहे हैं। इस कार्यक्रम में वल्लाभाचार्य को भी शामिल होना है।
ड्राइवर गंभीर घायल सिर में आए 26 टांके
घायल चालक राधाचरण।