- Hindi News
- National
- अकादमियों में प्रवेश के लिए आवेदन 27 अप्रैल तक, पदक विजेताओं को मिलेगी प्राथमिकता
अकादमियों में प्रवेश के लिए आवेदन 27 अप्रैल तक, पदक विजेताओं को मिलेगी प्राथमिकता
प्रदेश में विभिन्न खेलों की सभी 10 अकादमियों में खिलाड़ियों के प्रवेश के लिए चयन स्पर्धा जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में होगी। चयन स्पर्धा में शामिल होने के लिए 27 अप्रैल तक आवेदन किए जा सकेंगे। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से होने वाली इस चयन स्पर्धा में राजस्थान के मूल निवासी खिलाड़ी ही आवेदन कर सकेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पिछले तीन साल से लगातार पदक प्राप्त खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। खिलाड़ी किसी भी प्रकार की बीमारी से ग्रसित नहीं होना चाहिए। चयन स्पर्धा में शामिल बालक खिलाड़ी की आयु 1 जुलाई 2018 को न्यूनतम 13 वर्ष एवं अधिकतम 18 वर्ष, जबकि बालिका खिलाड़ी की आयु न्यूनतम 13 वर्ष तथा अधिकतम 17 वर्ष होनी चाहिए। वहीं बास्केटबाल बालक सीनियर वर्ग में शामिल होने के लिए न्यूनतम 18 वर्ष एवं अधिकतम 20 वर्ष की आयु होना आवश्यक है। इसके अलावा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वार संचालित खेल अकादमियों में पहले से ही प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों के लिए अधिकतम आयु सीमा उनके परिणाम के आधार पर 19 वर्ष होगी तथा बास्केटबाल सीनियर वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 23 वर्ष होगी। वहीं सीनियर बास्केटबाल अकादमी जयपुर में प्रवेश के लिए नेशनल मेडलिस्ट खिलाड़ियों को ही रखा जाएगा। जिसमें एसजीएफआई मेडलिस्ट, विश्वविद्यालय जॉनल मेडलिस्ट, सीनियर नेशनल प्रतियोगिता का प्रतिभागी व ओपन नेशनल मेडलिस्ट को ही सम्मिलित किया जाएगा।
कब किस खेल की होगी चयन स्पर्धा
चयन स्पर्धा जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में होगी। इस मौके पर 1 से 2 मई को वॉलीबाल बालक-बालिका वर्ग, 2 से 3 मई को तीरंदाजी बालक-बालिका वर्ग, 3 से 4 मई को साइक्लिंग बालक वर्ग एवं हैंडबाल बालिका वर्ग, 4 से 5 मई को हॉकी बालक-बालिका वर्ग, 5 से 6 मई को एथलेटिक्स बालक-बालिका वर्ग एवं कुश्ती बालक वर्ग, 12 से 13 मई को बास्केटबाल बालिका वर्ग एवं बालक जूनियर व सीनियर वर्ग, 13 से 14 मई को कबड्डी बालक वर्ग तथा 14 से 15 मई को फुटबाल बालक व बालिका वर्ग के खिलाड़ियों की चयन स्पर्धा होगी।
चयनित खिलाड़ियों को मुफ्त मिलेगी शिक्षा, आवास व भोजन की सुविधा: संभाग के खेल अधिकारी सत्यप्रकाश लुहाच ने बताया चयन स्पर्धा में चयनित खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ शिक्षा, आवास, भोजन एवं चिकित्सा सुविधाएं राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इच्छुक खिलाड़ी जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक, जिला खेल संघों एवं जिला क्रीड़ा परिषद के माध्यम से अपने आवेदन 27 मई तक राज्य क्रीड़ा परिषद तक भिजवा सकेंगे।
ताइक्वांडो में जिले के खिलाड़ियों ने 10 पदकों पर किया कब्जा: हाल ही में बीकानेर में संपन्न राजस्थान चैलेंज कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भरतपुर के खिलाड़ियों ने 10 पदकों पर कब्जा कर जमाया चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ी राजकुमार एवं मन्जोत्सना ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं भानवीर ने रजत तथा सुमित, सूरज, प्रशांत, मुरली मनोहर, विजीतपाल, रवि व रितिक ने कांस्य जीता।
भरतपुर के तीन बॉक्सर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित
भरतपुर| पलवल में 18 से 22 अप्रैल तक होने जा रही 47वीं राष्ट्रीय जूनियर यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भरतपुर के 3 खिलाड़ियों शिवदेव धाऊपायसा, आदित्य सिनसिनवार उसरानी और तेज सिंह मलाह शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय बॉक्सिंग रेफरी घमंडी सिंह भी इस प्रतियोगिता में बतौर रिंग ऑफिशियल भाग लेंगे। यह जानकारी क्लब के अध्यक्ष गजेंद्र देशवाल ने दी।