पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहर के 60 फीसदी एटीएम खाली, आरबीआई ने नहीं भेजी नई करंसी

शहर के 60 फीसदी एटीएम खाली, आरबीआई ने नहीं भेजी नई करंसी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एटीएम पैसे की किल्लत से जूझ रहे हैं। हाल ये है कि करीब 60 फीसदी एटीएम में पैसा नहीं है। इस कारण लोग एटीएम दर एटीएम में भटक रहे हैं। चूंकि इन दिनों शादी-विवाह का सीजन है। इसलिए एटीएम में पैसे की कमी लोगों को अखर रही है। मंगलवार को भास्कर ने रियलटी चैक किया। इस दौरान मुख्य मार्गों में एटीएम के हाल जाने, जिसमें 11 एटीएम बंद अथवा खराब मिले। जिले में औसतन यही हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह हालात पिछले दो तीन महीने से हैं। एटीएम में पैसा नियमित नहीं डाला जा रहा है। एक बार खाली हुआ एटीएम चार-पांच दिन तक वर्क नहीं करते। इसकी मुख्य वजह बैंकों में पैसे की कमी मानी जा रही है। सरसों का सीजन होने के कारण करंसी किसानों पर ज्यादा पहुंच रही है। इससे बैंकों में कलेक्शन कम आ रहा है। साथ ही आरबीआई से नई करंसी नहीं आ रही है। इस कारण सभी एटीएम में करंसी नहीं डाली जा रही है।

18 में से 11 एटीएम में नहीं मिला पैसा

भरतपुर. गोवर्धन गेट का एटीएम, यहां 4 दिन से पैसा नहीं है।

रेलवे स्टेशन स्थित एसबीआई के एटीएम से पिछले चार दिन से पैसे ही नहीं थे। नई मंडी सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के एटीएम और नई मंडी बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम में भी पैसे नहीं थे। बिजली घर चौराहे स्थित आईसीआईसीआई के एटीएम में पैसे नहीं थे। कुम्हेर गेट स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम में पैसे नहीं थे। लक्ष्मण मंदिर स्थित बैंक आफ बड़ौदा, गोवर्धन स्थित एसबीआई , बुध की हाट स्थित कैनरा बैंक व एसबीआई के एटीएम में पैसा नहीं था। बी नारायण गेट, राजेंद्र नगर व चौबुर्जा के एटीएम में भी पैसा नहीं था। चौबुर्जा स्थित आईडीबीआई के एटीएम को दुरुस्त किया जा रहा था। मोरी चार बाग, सुपर बाजार, बड़ा बाजार, सूरजपोल स्थित एटीएम में पैसा था। लक्ष्मण मंदिर पर उमेश कुमार ने बताया कि वह बाजार से खरीदारी करने आया था, किंतु एटीएम में पैसा नहीं मिलने से नकदी नहीं है। गोवर्धन गेट पर राकेश कुमार ने बताया कि चार एटीएम पर हो आया हूं, किंतु कहीं पर पैसा नहीं मिल रहा। कल बैंक में जाकर विड्राल से पैसे निकालूंगा।

भास्कर नॉलेज.. हर दिन चाहिए सवा करोड़ रुपए

शहर के लिए हर दिन करीब डेढ़ करोड़ रुपए की आवश्यकता है। जिले में विभिन्न बैंकों के 242 एटीएम हैं, जिनमें शहर और उसके आसपास के इलाकों में 72 एटीएम हैं। जिनमें प्रत्येक की कैसेट क्षमता 20 से 25 लाख रुपए की है। जानकारों का कहना है कि शहरी एटीएम में करीब सवा करोड़ रुपए प्रतिदिन की निकासी होती है। आरबीआई से काफी समय से नई करंसी नहीं आई है। पीएनबी में भी हाल ही में 70 करोड़ रुपए आए हैं। इससे पीएनबी के एटीएम में कुछ समय तक नियमित पैसा मिलने की उम्मीद है।

सरसों कारोबार और शादी-विवाह का सीजन होने के कारण लोगों को नकदी की ज्यादा आवश्यकता पड़ रही है। इससे बैंकों में कलेक्शन कम आ रहा है। इसके अलावा नई करंसी की भी शार्टेज हैं। फिर भी मैनेज कर रहे हैं। कुछ नई करंसी आई है। इससे एटीएम में करंसी की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी। -संजीव सिंगला, सर्किल हैड, पंजाब नेशनल बैंक, भरतपुर

खबरें और भी हैं...